Delhi MCD Mayor Pravesh Wahi: आज यानी बुधवार (29 अप्रैल, 2026) को एक तरफ जहां 4 राज्यों असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल के आंकड़ें सामने आए तो दूसरी तरफ दिल्ली नगर निगम में एक बार फिर मेयर के लिए चुनाव संपन्न हुआ.
जिसके बाद दिल्ली को नया मेयर मिल गई है. भाजपा मेयर पद के प्रत्याशी प्रवेश वाही ने जीत हासिल कर ली है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वह 3 बार पार्षद रह चुके हैं. आइए उनके राजनीतिक सफर के बारे में जानते हैं.
कौन हैं प्रवेश वाही?
प्रवेश वाही का राजनीतिक सफर विश्व हिंदू परिषद के खंड प्रमुख के रूप में शुरू हुआ था. इसके बाद वो भारतीय जनता पार्टी (BJP) और युवा मोर्चा में भी रहे. प्रवेश वाही ने पहला चुनाव 2007 में जीता था. इसके बाद 2012 और फिऱ 2022 में रोहिणी वार्ड से निगम पार्षद चुने गए. इससे पहले वह निगम में निर्माण समिति के चेयरमैन भी रहे हैं और जोन चेयरमैन की जिम्मेदारी भी निभाई है. वह निगम की सर्वोच्च स्थायी समिति के भी चेयरमैन पूर्वकालिक उत्तरी निगम में वर्ष 2016-17 में रहे.
किसे मिले कितने वोट?
दिल्ली नगर निगम के मेयर के चुनाव में बीजेपी को 156 और कांग्रेस को 9 वोट मिले. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कुल 165 वोट पड़े थे. भाजपा के पास मेयर बनाने के लिए जरूरी वोटों से संख्याबल ज्यादा था और कांग्रेस के पास मात्र 9 पार्षद थे. जबकि आम आदमी पार्टी के पास 105 (100 पार्षद, 2 राज्यसभा सदस्य, 3 विधायक) थे, लेकिन पार्टी ने इस चुनाव से दूरी बनाई और पार्षद सदन में अनुपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें – दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई के दौरान कई बार चला अश्लील कंटेंट, तुरंत बंद करवाई गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
मोनिका पंत बनीं डिप्टी मेयर
इसके अलावा, आनंद विहार से बीजेपी पार्षद मोनिका पंत को भी उतने ही वोटों से डिप्टी मेयर चुना गया. बेगमपुर से जय भगवान यादव और पहाड़गंज से मनीष चड्ढा ने बीजेपी की तरफ से स्टैंडिंग कमेटी में सीटें जीतीं. आम आदमी पार्टी (AAP) के शालीमार बाग से जलज चौधरी भी इस पैनल में शामिल हो गए.
कितने वोट थे?
इलेक्टोरल कॉलेज में 273 वोट थे – 249 पार्षद, दिल्ली विधानसभा द्वारा नामित 14 विधायक, सात लोकसभा सांसद और दिल्ली से तीन राज्यसभा सदस्य. जीतने के लिए 137 वोटों की ज़रूरत थी.
यह भी पढ़ें – कालिंदी कुंज और बॉटनिकल गार्डन के बीच मेट्रो सेवा बाधित! मैजेंटा लाइन पर फंसे यात्री, भड़का आक्रोश
आप ने चुनाव में नहीं लिया हिस्सा
सबसे बड़ी बात यह रही कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस चुनाव में हिस्सा नहीं लिया. इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने कहा कि चुनाव से दूर रहना एक रणनीतिक फ़ैसला था. उन्होंने कहा कि इस कदम से बीजेपी को नगर निकाय की पूरी ज़िम्मेदारी मिल जाएगी और आप को शासन से जुड़े मामलों पर सत्ताधारी पार्टी को बेनकाब करने का मौका मिलेगा. आम आदमी पार्टी के पास नवंबर 2024 से मेयर का पद था, जब महेश कुमार खिंची ने तीन वोटों से जीत हासिल की थी.