Delhi Metro: दिल्ली में DTC बसों की हड़ताल के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. बसों की संख्या कम होने से मेट्रो स्टेशनों पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ने की आशंका है. इसे देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा के लिए खास इंतजाम किए हैं.
DMRC का बड़ा फैसला
DMRC ने अपने नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप बढ़ाए हैं. जरूरत को देखते हुए आज कुल 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं, ताकि ज्यादा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके और मेट्रो पर ज्यादा दबाव न पड़े.
चलेंगी 8 अतिरिक्त ट्रेनें
DMRC की अतिरिक्त सेवाएं 17 सितंबर 2026 को भी जारी रहेंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में इन अतिरिक्त ट्रेनों से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. DMRC ने यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की है, ताकि सफर के दौरान परेशानी कम हो.
क्या है बस चालकों की मांग?
DTC बस चालकों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही. चालक वेतन बढ़ाने, मेडिकल सुविधा और ओवरटाइम का पैसा देने जैसी मांगें कर रहे हैं. चालकों ने बस को नुकसान होने पर लगाए जाने वाले जुर्माने को हटाने की मांग भी रखी है. DTC कर्मचारी एकता यूनियन के अध्यक्ष ललित चौधरी ने कहा कि अभी तक सरकार की ओर से उनसे संपर्क नहीं किया गया है. हड़ताल के कारण सड़कों पर बसें कम दिखीं और यात्रियों को काफी परेशानी हुई. दिल्ली में फिलहाल करीब 6,500 DTC बसें हैं.