Jaipur Nagar Nigam Re-Polling Result: जयपुर नगर निगम के चार वार्डों में हुए पुनर्मतदान के नतीजे सामने आ गए हैं. बुधवार 16 सितंबर को चार वार्डों के पांच पोलिंग बूथ पर दोबारा वोटिंग कराई गई थी. इसके बाद गुरुवार सुबह मतगणना हुई और सभी चार सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की. इन वार्डों के चुनाव परिणाम पहले रोक दिए गए थे लेकिन अब पुनर्मतदान के बाद तस्वीर साफ हो गई है.
गुरुवार सुबह 8 बजे भवानी निकेतन परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की मौजूदगी में वोटों की गिनती शुरू हुई. मतगणना पूरी होने के बाद चारों विजेता प्रत्याशियों को जीत का सर्टिफिकेट भी सौंप दिया गया.
चार वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने मारी बाजी
ईवीएम में गड़बड़ी के बाद इन पांच बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया था. नतीजों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने अलग-अलग अंतर से जीत दर्ज की. पुनर्मतदान के बाद वार्ड नंबर 9, 18, 25 और 34 के नतीजे घोषित किए गए. चारों ही वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत हासिल की.
- वार्ड नंबर 9: कांग्रेस की कैलाशी ने भाजपा की मंजू अग्रवाल को 764 मतों से हराया.
- वार्ड नंबर 25: कांग्रेस की रेखा देवी ने भाजपा की चंचल कंवर को 397 मतों से शिकस्त दी.
- वार्ड नंबर 18: कांग्रेस की वंदिता शर्मा ने भाजपा के नीरज कुमावत को 181 मतों से हराया.
- वार्ड नंबर 34: कांग्रेस के सुरेश यादव ने भाजपा के पीयूष किराड़ को 149 मतों से पराजित किया.
पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस के 57 पार्षद
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में से 146 वार्डों के परिणाम 14 सितंबर को ही घोषित कर दिए गए थे. उस समय भाजपा ने 78 वार्डों में जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के 53 और निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में 15 सीटें गई थीं. चार वार्डों के पुनर्मतदान के बाद अब नगर निगम की तस्वीर बदल गई है. चारों सीटें कांग्रेस के खाते में जाने से पार्टी के पार्षदों की संख्या 53 से बढ़कर 57 हो गई है. अब जयपुर नगर निगम में भाजपा के 78, कांग्रेस के 57 और निर्दलीय 15 पार्षद हैं.
ये भी पढ़ें: PM Modi Birthday: PM नरेंद्र मोदी के 76 साल, उनके 76 बड़े काम; जानें किन फैसलों की देशभर में रही चर्चा?