MP Crime: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कैदी ने पुलिस की बंदूक उठाई और पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया. इस घटना की दो मिनट की वीडियो चर्चा का विषय बनी हुई है. बता दें कि जेल के अंदर हुई एक सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज घटना के नौ दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है. लगभग दो मिनट के इस वीडियो में विचाराधीन कैदी निलेश उर्फ छोटेल जेल प्रहरी पर हमला करता और कथित तौर पर भागने की कोशिश करता नजर आ रहा है.
मामला 2 सितंबर का बताया जा रहा है. हत्या के मामले में बंद निलेश ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर से पहले चाबी को लेकर बातचीत की. कुछ देर बाद वह कथित तौर पर देसी कट्टा लेकर उनके पास पहुंचा. दोनों के बीच विवाद हुआ और हाथापाई के दौरान गोली चल गई. गोली लगने से प्रहरी जमीन पर गिर पड़े.
आंखों में मिर्च डालकर ढूंढी चाबी
वायरल फुटेज में इसके बाद भी आरोपी को रुकते नहीं देखा जा सकता. उसने घायल प्रहरी के सिर पर कट्टे की बट से हमला किया और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बाद गेट की चाबी तलाशने लगा. इसी बीच एक महिला कर्मचारी मौके पर पहुंचीं और जमीन पर पड़ा हथियार उठा लिया. घायल होने के बावजूद प्रहरी ने आरोपी को पकड़ लिया. शोर सुनकर दूसरे जेलकर्मी भी वहां पहुंचे और उसे दबोच लिया. तलाशी में उसके पास से चार जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन मिलने की बात सामने आई है.
Inside jail in Raisen, Madhya Pradesh
Nilesh, an inamte, undertrial in a murder case, shot and injured guard Digvijay Singh Tomar inside a high-security prison in Raisen, MP. He also threw chilli powder at the injured guard during his failed bid to escape. pic.twitter.com/wFrX6Nwbc4
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) September 12, 2026
जेल के अंदर कैसे पहुंचा कट्टा?
सबसे बड़ा सवाल ये है कि जेल के अंदर हथियार कैसे पहुंचा? कहा जा रहा है कि निलेश ने कथित तौर पर जेल से भागने की योजना बनाई थी और बाहर से हथियार मंगवाया था. पुलिस के मुताबिक, जेल की बाहरी दीवार के पास कट्टा और कारतूस पहुंचाए गए थे, जिन्हें निलेश ने बाद में अंदर उठा लिया. जांच में राहुल बेदी, शुभम बेदी और निलेश के मामा सुपियार सिंह के नाम भी सामने आए हैं. वहीं इस मामले में कई आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है. इस घटना के बाद जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया है.
CCTV लीक पर सवाल
पुलिस जांच के मुताबिक, वारदात अचानक नहीं हुई थी. आरोपी ने कथित तौर पर जेल से भागने की योजना बनाई थी और बाहर से हथियार मंगवाया था. घटना के बाद कार्यवाहक जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया. हालांकि अब मामले का एक दूसरा पहलू भी चर्चा में है. जेल का संवेदनशील CCTV फुटेज सोशल मीडिया तक आखिर पहुंचा कैसे? बताया जा रहा है कि दूसरे जिले में पदस्थ जेलकर्मी विजय के सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो सामने आया और देखते ही देखते वायरल हो गया.