MP Wedding Violence: मध्य प्रदेश के आदिवासी जिला डिंडोरी से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक शादी समारोह अचानक हिंसा में बदल गया. दुल्हन पक्ष और गांव वालों द्वारा बारातियों के साथ मारपीट किए जाने और वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. हालात इतने बिगड़ गए कि बारातियों को पुलिस सुरक्षा में गांव से बाहर निकालना पड़ा.
आखिर क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला गाड़ासरई थाना क्षेत्र के चिरपुटिया गांव का है, जहां मंडला जिले के नारायणगंज से बारात दुल्हन लेने पहुंची थी. आरोप है कि बारातियों के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.
दूल्हे के भाई ने भड़काई आग
बताया जा रहा है कि देर रात दूल्हे के भाई ने जब अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई, तो विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दुल्हन पक्ष के लोगों और ग्रामीणों ने मिलकर बारातियों पर हमला कर दिया. इस दौरान दूल्हे के पिता, बड़े पिता और चाचा सहित कई लोगों के साथ मारपीट की गई और कुछ बारातियों को बंधक भी बना लिया गया.
पुलिस ने बचाए बाराती
मारपीट में करीब 5 से 6 बाराती घायल हुए हैं, जिन्हें हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं. वहीं हमलावरों ने बारातियों के दो वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की और कांच फोड़ दिए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी बारातियों को सुरक्षित गांव से बाहर निकाला. घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.
अब होगी सख्त कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.