Basti Viral Video: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक हैरान कर देने वाली वीडियो सामने आई है. यहां कलवारी क्षेत्र के एक स्कूल में बेटियों को शिक्षा से वंचित रखा जाने का आरोप है. इस वीडियो और इसके पीछे की वजह जानकर आपको लगेगा कि क्या हम आज भी पुराने जमाने में जी रहे हैं. कहा जा रहा है कि यहां एक सरकारी स्कूल है, जहां गरीब बेटियों के प्रवेश पर नो एंट्री है. इसका कारण बेहद चौंकाने वाला है. दरअसल, स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय नहीं है, जिसके कारण 67 सालों से बालिकाओं को एंट्री नहीं मिल सकी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलेज के प्रबन्धक सरकारी स्कूल की आड़ में अपना प्राइवेट स्कूल चला रहे हैं. इसके कारण वे स्कूल में छात्राओं को एडमिशन से वंचित रखते हैं. वे लोग महिला शौचालय न होने का हवाला देकर लड़कियों को एडमिशन ही नहीं देते हैं.
सरकारी स्कूल के पास ही प्राइवेट स्कूल
बता दें कि ये मामला कलवारी क्षेत्र में स्थित झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज का है. यहां पर लगभग बीते सात दशकों से बेटियों को एंट्री नहीं दी गई है. इसके लिए कोई सरकारी फरमान नहीं है, बल्कि ये स्कूल के प्रबंधक के फरमान पर हुआ. उन्होंने स्कूल में महिला शौचालय न होने का बहाना देकर कई सालों से गरीब बेटियों को एडमिशन नहीं दिया है. इसके पीछे का कारण बताया जा रहा है कि प्रबंधक का खुद का स्कूल है, जो सरकारी स्कूल के ठीक बगल में है. इसके कारण बेटियों को सरकारी स्कूल की जगह महंगी फीस देकर प्राइवेट स्कूल में एडमिशन लेना पड़ता है.
साइकिल पर टॉयलेट सीट लेकर पहुंचा पिता
वहीं सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें एक पिता अपनी साइकिल पर टॉयलेट सीट लेकर स्कूल पहुंचा, ताकि बेटी का सरकारी स्कूल में दाखिला हो जाए. पिता ने स्कूल पहुंचकर बेटी के एडमिशन के लिए गुहार लगाई. हालांकि इसके बावजूद स्कूल प्रशासन के जिम्मेदारों का दिल नहीं पसीजा और उन्होंने उनकी बेटी को एडमिशन नहीं हो सका.