Baghpat Crime News: उत्तर प्रदेश के बागपत के बड़ौत इलाके में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सोमवार को सफाई करने के दौरान पड़ोसी के ऊपर पानी की कुछ छींटे गिर गईं. इसके कारण विवाद हो गया. बात इस कदर बढ़ गई कि विवाद मारपीट में बदल गया. इसी दौरान पड़ोसी ने एक युवक को चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी. वहीं कई अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. वहीं मृतक के पिता ने 5 लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, बड़का रोड स्थित उर्दू कॉलोनी निवासी आस मोहम्मद की पत्नी गुड्डो अपने घर में सफाई कर रही थीं. उन्होंने घर में पानी फेंका, जिसकी कुछ बूंदें पड़ोस के इरफान के मकान में बैठे लोगों पर गिर गईं. इसको लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई.
घर पर किया पथराव
मामला इतना बढ़ गया कि इरफान पक्ष के लोगों ने आस मोहम्मद पक्ष के लोगों पर पथराव करना शुरू कर दिया. आरोपियों ने आस मोहम्मद के बेटे 25 वर्षीय शोएब पर चाकू से एक के बाद एक कई हमले कर दिए. इस हमले से पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उसके परिवार के कई लोग जख्मी हो गए. इनमें पिता आस मोहमम्द, मां गुड्डो, छोटा भाई फरहान और बहन फराह हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने शुरू की तलाशी
मृतक शोएब नगर की रिम-धुरा बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. मृतक के पिता आस मोहम्मद ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बड़ा बेटा फैक्ट्री में काम करने गया था. घर में उसकी मां गुड्डो, दो बेटियां और छोटा बेटा फरमान मौजूद थे. सुबह लगभग 8:30 बजे सफाई करते हुए पानी की कुछ बूंदें इरफान के घर में बैठे लोगों पर चली गईं.
भीड़ बढ़ती देख हो गए फरार
इसके बाद इरफान के परिवार के 8-10 लोग घर में हथियार लेकर घुस आए. वो जबरन मारपीट करने लगे. जब बड़े बेटे को इसके बारे में पता चला, तो वो घर वापस आया. उसने झगड़े को रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ वार कर, उसकी हत्या कर दी. परिवार के लोग बीच-बचाव करने आए, तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई की. उन्होंने घर के बाहर ईंटें भी फेंकीं. जब वहां पर भीड़ बढ़ने लगी, तो वो जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गई.