Sultanpur Bus Accident: सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के 6 बजे एक लग्जरी बस अचानक पलट गई. यह लुधियाना से आजमगढ़ जा रही थी. बस में करीब 100 यात्री सवार थे. इस हादसे में करीब 60 यात्री घायल हो गए हैं. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. बस में सवार यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस कंडक्टर चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ. गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है.
यह घटना धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास हुई.मंगलवार सुबह 6 बजे लग्जरी बस (UP 22 AT 7227) लुधियाना से आजमगढ़ जा रही थी. बस में सवार यात्री सानिया, लालबहादुर, ओमपाल और रामसुरत का कहना है कि बस को चालक नहीं बल्कि कंडक्टर चला रहा था.
100 से ज्यादा लोग थे सवार
बस में करीब 100 से अधिक लोग सवार थे.यात्रियों ने बताया कि जब से कंडक्टर बस चला रहा था, तब से ही बस सही नहीं चल रही थी. बस जैसे ही धनपतगंज क्षेत्र के माइल स्टोन 108 के पास पहुंची, बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला. घायलों में अधिकांश को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने मौके पर ही किया.
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
वहीं 34 घायल यात्रियों को कूरेभार भेजा गया. इनमें 12 ऐसे यात्री हैं, जिनकी हालत बेहद गंभीर है. गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया.सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. एसडीएम बल्दीराय प्रवीण कुमार, सीओ आशुतोष और थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की. अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.