Jaunpur School Van Accident: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मंगलवार को एक सड़क हादसे में दो स्कूली बच्चे घायल हो गए. शाहगंज थाना क्षेत्र के सबरहद स्थित इमरानगंज बाजार में बच्चों से भरी स्कूल वैन की दूसरे स्कूल की बस से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को वैन से बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी क्लिनिक पहुंचाया.
इमरानगंज बाजार चौराहे पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सेंट जॉन्स स्कूल की वैन में करीब दो दर्जन बच्चे सवार थे. मंगलवार को वैन बच्चों को लेकर इमरानगंज बाजार चौराहे से गुजर रही थी. इसी दौरान सामने से दूसरे स्कूल की बस आ रही थी. बताया जा रहा है कि वैन की रफ्तार तेज थी, जिसके चलते चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका. देखते ही देखते वैन सामने से आ रही बस से टकरा गई.
तेज रफ्तार स्कूल वैन ने खड़ी स्कूल बस में मारी टक्कर जौनपुर में स्कूली बच्चों से भरी एक स्कूल वैन ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस में टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। टक्कर में वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 2 मासूम बच्चे घायल हुए हैं। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई।
— Raju Sharma journalist (@RajuSharmajour1) November 18, 2026
ये भी पढ़ें: Watch Video: पीछे पोता, सिर पर स्कार्फ, हरियाणा की दादी ने हाईवे पर दौड़ाई बुलेट; वीडियो ने इंटरनेट पर मचाया तहलका
अगली सीट पर बैठे दो बच्चे हुए घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन की अगली सीट पर बैठे दो बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद वैन में सवार अन्य बच्चों में भी डर और घबराहट का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी. मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया.
पुलिस ने बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायल दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी निजी क्लिनिक पहुंचाया. घटना के बाद स्कूल वाहनों की रफ्तार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.