UP News: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी को पीटा. बचाने आई बेटियों पर भी उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में एक 15 वर्षीय बेटी की मौत हो गई. वहीं 14 वर्षीय बेटी ने किसी तरह से वहां से भागकर अपनी जान बचाई. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं बड़ी बेटी का इलाज चल रहा है.
धारदार चाकू से किया हमला
पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है कि बीती रात लगभग 12:15 बजे खोड़ा पुलिस को फोन पर सूचना मिली कि लोकप्रिय विहार की गली नंबर तीन में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी पर हमला किया है. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, तो मकान की चौथी मंजिल के कमरे में महिला और किशोरी का शव पड़ा हुआ था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि धारदार चाकू से हमला कर दोनों की हत्या की गई.
क्या है मामला?
मृतकों की पहचान बीबी तबस्सुम और उनकी 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम के रूप में हुई है. वहीं घायल बच्ची की पहचान 14 वर्षीय रूबी तबस्सुम के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, तो पता चला कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी पर हमला किया. उसकी बेटियां अपनी मां को बचाने के लिए बीच में आ गईं. गुस्से में आरोपी ने बेटियों पर भी हमला कर दिया. हमले में बड़ी बेटी की मौत हो गई और छोटी बेटी मौका पाकर घर से बाहर चली गई और पड़ोसियों को इस बारे में सूचना दी. पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपी की पहचान
पुलिस ने बताया कि आरोपी राजा अंसारी मूल रूप से बिहार के अररिया का रहने वाला है. वो परिवार के साथ लोकप्रिय विहार में रह रहा था. आरोपी दिल्ली के गाजीपुर स्थित मछली मंडी में मुनीम का काम करता है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद रहता था. हालांकि विवाद का कारण पता नहीं चल सका है.
ये भी पढ़ें: बेटे को सुसाइड करने से रोकने गए थे मां और बाप, घर लौटी तीनों की लाश; मामला जान कांप जाएगी रूह