Youth Committed Suicide: उत्तर प्रदेश मुजफ्फरनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने सुसाइड कर लिया. उसने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने प्रेमिका और उसकी मां पर आरोप लगाते हुए उन्हें आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया है. युवक ने सुसाइड नोट में प्रेमिका के टॉर्चर के बारे में बताया. उसने अपने परिवार और पुलिस से गुजारिश की कि उन दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के गढ़ी देशराज गांव में शनिवार सुबह 27 वर्षीय आयुष ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसने एक सुसाइड नोट भी भेजा. इस सुसाइड नोट में उसने अपनी प्रेमिका अंशिका भारद्वाज और उसकी मां बबीता भारद्वाज पर आरोप लगाते हुए उन्हें मौत का जिम्मेदार बताया.
सुसाइड नोट में क्या है?
सुसाइड नोट में उसने बताया कि बीते कई सालों से प्रेमिका अंशिका उसे छल रही है. वो उससे पैसों की उगाही कर उसे टॉर्चर कर रही थी. अंशिका की मां बबीता भी उसका साथ देती थी. वे दोनों आयुष की फोटो वायरल करने की धमकी देते थे. इनसे परेशान होकर उसने आत्महत्या का कदम उठाया. पुलिस को जब फांसी के बारे में सूचना दी गई, तो मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस सुसाइड नोट और पीड़ित परिवार की तहरीर पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी
इस मामले के बारे में फुगाना के सीओ यतेंद्र नागर ने जानकारी दी कि गढ़ी देशराज में सुबह एक नवयुवक ने आत्महत्या कर ली. पुलिस को सूचना मिली, तो तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिवार की लिखित तहरीर पर जांच शुरू कर दी है.