सैमसंग अपने प्रोडक्ट्स को प्रीमियम बताकर ऊंचे दामों में बेच तो देता है, लेकिन जब सर्विस देने की बारी आती है, तो इसकी असली नौटंकी सामने आ जाती है. कंपनी की घटिया आफ्टर-सेल्स सर्विस और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का एक और मामला सामने आया है. एक पीड़ित ग्राहक को कंपनी के टेक्नीशियनों ने 10 दिनों तक बेवकूफ बनाया, ट्रायल-एंड-एरर का खेल खेला और आखिर में अपना ही मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट (कंपनी की खराबी) होने के बावजूद ग्राहक को नाममात्र का स्क्रैप वैल्यू थमा दिया. हद तो तब हो गई जब घर में सामान टूटा-फूटा पड़ा रहा और ऑनलाइन सिस्टम में उसे ‘रिपेयर’ दिखा दिया गया.
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर Siddhant Goyal (@siddhantgoyal) नाम के ग्राहक ने सैमसंग की पोल खोलते हुए अपनी आपबीती शेयर की. सिद्धांत ने 33,000 में सैमसंग का फ्रिज (Model: RT34A4533BX) खरीदा था. लेकिन फ्रिज खराब होते ही कंपनी के चक्कर काटने का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ जिसने ग्राहक के पसीने छुड़ा दिए.
10 दिनों तक चला टेक्नीशियनों का तुक्का
7 सितंबर को ग्राहक ने सर्विस रिक्वेस्ट दर्ज कराई (#444195174). टेक्नीशियन घर पहुंचा, ₹400 कैश लिए और दावा किया कि PCB खराब है. इसके लिए ₹4,200 का एस्टिमेट थमा दिया और 9 सितंबर तक पार्ट आने की बात कही.
13 सितंबर को PCB चार दिन देरी से आया. पार्ट बदला गया लेकिन फ्रिज फिर भी चालू नहीं हुआ. अपनी गलती छुपाने के लिए टेक्नीशियन ने तुरंत नया बहाना बनाया कि अब कंप्रेसर में खराबी है.
16 सितंबर को नया कंप्रेसर लगाने के बाद भी फ्रिज पूरी तरह बंद रहा. जब टेक्नीशियन ने फ्रीजर की अंदरूनी लाइनिंग खोली, तो पता चला कि अंदर एल्युमीनियम वॉल के पीछे एक बड़ा सुराख था. यानी खराबी किसी पार्ट में नहीं, बल्कि कंपनी के बनाए गए मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट में थी.
16-Sep: New compressor installed today—fridge STILL dead! • Tech finally opened the freezer lining: found a massive puncture/hole in the internal aluminum wall behind coils! Defrost water was leaking inside. pic.twitter.com/hesoNxEt8c
— Siddhant Goyal (@siddhantgoyal) September 16, 2026
फर्जी क्लोजर और 20% का भद्दा मजाक!
जब गलती पूरी तरह सैमसंग की साबित हो गई, तो कंपनी ने मदद करने के बजाय ग्राहक के साथ सबसे बड़ा फ्रॉड किया.
₹33,000 के फ्रिज के बदले कंपनी ने अपनी डेप्रिसिएशन पॉलिसी का हवाला देकर जुबानी तौर पर सिर्फ ₹6,600 देने की बात कही. अपनी खुद की मैन्युफैक्चरिंग गलती की सजा कंपनी ग्राहक को दे रही है. ग्राहक का फ्रिज घर पर खुला और बंद पड़ा हुआ था, लेकिन सैमसंग के सर्विस पोर्टल पर स्टेटस बदलकर ‘Device Repaired’ (डिवाइस ठीक हो गया) दर्ज कर दिया गया.
सैमसंग इंडिया के घिसे-पिटे ऑटोमेटेड जवाब पर तंज कसते हुए सिद्धांत ने लिखा कि उम्मीद है कंपनी का ‘जल्द ही’ वाला वादा उनके घटिया सर्विस जैसा ढोंग साबित न हो. पीड़ित यूज़र ने अब राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (@jagograhakjago) से गुहार लगाते हुए पूरे पैसे के रिफंड या रिप्लेसमेंट की मांग की है.