Patna Encounter: बिहार की राजधानी पटना के मनेर में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. इस एनकाउंटर में तीन अपराधियों की मौत हो गई. मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार उर्फ सूरज और राजा शर्मा उर्फ राजेश शर्मा के रूप में हुई है. तीनों लंबे समय से पुलिस और एसटीएफ की तलाश में थे. पुलिस के मुताबिक, तीनों का नाम पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड में सामने आया था. आइए जानते हैं कौन थे ये तीनों अपराधी और इनकी आपराधिक कुंडली में क्या-क्या दर्ज था.
पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी था जेपी यादव
मुठभेड़ में मारा गया जेपी यादव मनेर और आसपास के दियारा इलाके में सक्रिय अपराधी बताया जाता था. अक्टूबर 2026 में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू और प्रखंड प्रमुख पति पर हमला हुआ था. इस गोलीबारी में संजीत कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस हत्याकांड में जेपी यादव को मुख्य आरोपी बताया गया था. उस पर हत्या की साजिश रचने का आरोप था. घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज थे. दियारा इलाके में बालू खनन और नाव परिचालन के वर्चस्व को लेकर भी उसका नाम विवादों में रहा था.
बबलू कुमार उर्फ सूरज पर शूटर होने का आरोप
एनकाउंटर में मारा गया दूसरा अपराधी बबलू कुमार उर्फ सूरज कुमार था. उसे जेपी यादव गिरोह का अहम सदस्य और मुख्य शूटर बताया जा रहा था. पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में उस पर सीधे गोली चलाने का आरोप था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बबलू के खिलाफ आर्म्स एक्ट, रंगदारी और जानलेवा हमले जैसे मामले दर्ज थे. मनेर, दानापुर और शाहपुर थाना क्षेत्रों में भी उसकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी सामने आई थी. पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी.
राजा शर्मा उर्फ राजेश शर्मा भी था गिरोह का सक्रिय सदस्य
तीसरा अपराधी राजा शर्मा उर्फ राजेश शर्मा था. वह शाहपुर और गंगहारा इलाके का रहने वाला बताया जाता है. पुलिस के मुताबिक, राजा जेपी यादव गिरोह का सक्रिय सदस्य था और पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में उसकी भूमिका भी शूटर के रूप में बताई गई थी. इसके अलावा उस पर दियारा इलाके में रंगदारी वसूलने, लोगों को धमकाने और अवैध हथियार रखने के आरोप थे. मनेर और आसपास के थानों में उसके खिलाफ भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी.
तीनों की मौत से अपराध जगत में मची हलचल
मनेर में हुए इस एनकाउंटर के बाद इलाके में हलचल मच गई है. पुलिस और एसटीएफ लंबे समय से इन तीनों की तलाश कर रही थी. पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड में तीनों की कथित भूमिका के कारण पुलिस के लिए इनकी गिरफ्तारी अहम थी. फिलहाल इस मुठभेड़ के बाद मामले की आगे की जांच और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.