IPL 2026 Points Table Update: आईपीएल 2026 में अभी तक 21 रोमांचक मुकाबले खेले जा चुके हैं. 13 अप्रैल को हैदराबाद में खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स को सीजन में पहली हार मिली है. इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की. सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम 19 ओवर में 159 के स्कोर पर ढेर हो गई. यह सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन की दूसरी जीत है. इससे पहले हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया था. इसी के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने 7वें पायदान से सीधे टॉप-4 में एंट्री की है. वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम हैदराबाद से हारने के बावजूद पहले नंबर पर मौजूद है. जानें अन्य टीमों का क्या हाल है…
टॉप-4 में कौन-कौन सी टीम?
आईपीएल 2026 में टॉप-4 की बात करें, राजस्थान रॉयल्स 5 मैचों में 4 जीत और 1 हार के साथ पहले नंबर पर है. राजस्थान के खाते में कुल 8 प्वाइंट्स हैं. इसके बाद पंजाब किंग्स 4 मैचों में 3 जीत के साथ दूसरे नंबर पर है. पंजाब किंग्स का एक मैच हो गया था, जिसके चलते उनके खाते में 7 प्वाइंट्स हैं. वहीं, पिछले साल की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर है.
आरसीबी ने अभी तक 4 मैच खेले हैं, जिनमें 3 जीत और एक हार मिली है. आखिर में ईशान किशन की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) चौथे नंबर पर है. हैदराबाद ने 5 मैच खेले हैं, जिनमें 2 जीत और 3 हार का सामना किया है. हैदराबाद की टीम 4 प्वाइंट के साथ चौथे नंबर पर है.
अन्य टीमों का क्या हाल?
दिल्ली कैपिटल्स की टीम 4 मैचों में 2 जीत और दो हार के साथ 5वें नंबर पर है. इसके बाद छठे नंबर पर गुजरात टाइटंस है, जिन्हें 4 मैचों में 2 जीत और दो हार मिली है. वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के पास भी 4 प्वाइंट हैं, लेकिन नेट रन रेट के कारण LSG प्वाइंट्स टेबल में 7वें पायदान पर है. इसके बाद 8वें नंबर पर 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस मौजूद है. मुंबई इंडियंस ने कुल 4 मैच खेले हैं, जिनमें से 3 में हार मिली है और 1 मैच जीते हैं.
वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स का भी ऐसा ही हाल है. चेन्नई की टीम 4 मैचों में 3 हार और एक जीत के साथ 9वें नंबर पर मौजूद हैं. आखिरी पायदान की बात करें, तो इस पर कोलकाता नाइट राइडर्स मौजूद है. केकेआर की टीम अभी तक इस सीजन जीत का खाता भी नहीं खोल पाई है. कोलकाता को 4 मैचों में 3 हार मिली है, जबकि 1 मुकाबला रद्द हो गया.