Ghaziabad Accident: दिवाली के दिन जब लोग अपने घरों में खुशियां मना रहे थे, उसी वक्त उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हो गया. मोदीनगर के सिकरी गांव में अचानक निर्माणाधीन इमारत का लिंटर नीचे गिर गया. उस समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ मजदूर मलबे के नीचे दब गए.
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पांच मजदूरों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि इलाज के दौरान एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। इस खबर के बाद मजदूर के परिवार में मातम छा गया.
स्लैब डालते समय खिसकी शटरिंग
मोदीनगर की विधायक मंजू शिवाच ने इस घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर स्लैब डाला जा रहा था. इसी दौरान शटरिंग खिसकने या किसी अन्य वजह से पूरा लिंटर नीचे गिर गया. उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त वहां करीब छह से सात मजदूर मौजूद थे. विधायक ने इस बात पर भी दुख जताया कि दिवाली जैसे त्योहार के दिन भी मजदूर रोजी-रोटी कमाने के लिए काम कर रहे थे और इसी दौरान उनके साथ यह हादसा हो गया. फिलहाल लिंटर गिरने की असली वजह की जांच की जा रही है.
#WATCH | Ghaziabad, UP: MLA Manju Shiwach says, “A very unfortunate incident occurred: a concrete slab (linter) collapsed. The slab was being poured using a capsule; whether the shuttering shifted or some other factor was involved is a matter for investigation. Sadly, the labourers were working, even on the day of Diwali, hoping to earn their daily wages, when the slab collapsed. Six or seven labourers were present; unfortunately, one of them died after being trapped under the debris…”
— ANI (@ANI) November 7, 2026
NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं. सभी ने मिलकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया. डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक, पांच लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया. उन्होंने बताया कि बचाव अभियान पूरा हो चुका है और अब मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका नहीं है.
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसका संज्ञान लिया. उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए. साथ ही पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव मदद देने को कहा. मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.