Gujarat Crime News: गुजरात के अहमदाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 35 साल पहले हुई एक हत्या का राज़ आखिरकार खुल गया है. अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 1992 में लापता हुई एक महिला के अवशेषों को बरामद करने के प्रयास में एक पुराने कुएं की खुदाई का काम शुरू कर दिया है. यह मामला न केवल दशकों पुराने अपराध को उजागर करता है, बल्कि सामने आई घटनाओं की कड़ी ने लोगों को हैरान भी कर दिया है.
खास बात यह है कि पुलिस को इस मामले में अहम सुराग तभी मिले, जब कुछ अजीबोगरीब घटनाओं का सिलसिला शुरू हुआ. पुलिस अब इस मामले को सुलझाने के लिए तेजी से कार्रवाई कर रही है.
शुरू की कुएं की खुदाई
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कुएं की खुदाई शुरू कर दी है. इसके लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है. जहां महिला का शव दफनाए जाने का शक था. पुलिस के अनुसार, साल 1992 में हत्या हुई थी. लेकिन उस समय इस घटना के बारे में किसी को भनक तक नहीं लगी थी. वर्षों बाद पुलिस ने ठोस जानकारी मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की और खुदाई का काम शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान टीम को कुछ अवशेष मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.
क्या था पूरा मामला?
क्राइम ब्रांच के अनुसार मृतक महिला की पहचान फरजाना उर्फ शबनम के रूप में हुई है. रिपोर्टों से पता चलता है कि उसकी हत्या शमसुद्दीन नाम के एक व्यक्ति ने की थी, जिसकी अब मृत्यु हो चुकी है. इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश में शव को अपने घर के पास स्थित एक कुएं में दफना दिया था. जिसकी वजह से यह जघन्य अपराध सालों तक छिपा रहा और किसी को भी इसकी भनक नहीं लगी. पड़ोसी भी इससे अंजान रहे.
यह भी पढ़ें – फ्लैट में खून से लथपथ मिला महिला का सड़ा-गला शव, अंग पर नहीं था एक भी कपड़ा, बदबू से हुआ सनसनीखेज खुलासा
शुरुआती जांच से हुआ ये खुलासा
शुरुआती जांच से पता चला है कि फरजाना मुंबई से शमसुद्दीन के घर आई थी और दोनों के बीच प्रेम-संबंध थे. हालांकि, परिवार में किसी मुद्दे को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद शमसुद्दीन ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी. फिर उसने चुपचाप शव को ठिकाने लगा दिया. घटनाओं के पूरे क्रम को इतनी बारीकी से अंजाम दिया गया था कि पड़ोसियों को भी कोई शक नहीं हुआ.
कैसे चला पता?
इस मामले में तब एक नया मोड़ आया, जब आरोपी के परिवार के भीतर एक अजीब घटना घटी. जानकारी सामने आ रही है कि परिवार के सदस्यों को मृत महिला फरजाना का बार-बार भ्रम होने लगा. ऐसी घटनाएं लगातार होने की वजह से परिवार के सभी लोग बेहद परेशान हो गए. जिससे छुटकारा पाने के लिए तरह-तरह का हथकंडा अपनाने लगे. इसके लिए परिवार ने तांत्रिक अनुष्ठानों और अंधविश्वासी उपायों का सहारा लिया.इसी दौरान, कुछ ऐसी जानकारी सामने आई जिसने इस पुराने मामले की परतें खोलनी शुरू हो गई. यह जानकारी किसी तरह अहमदाबाद क्राइम ब्रांच तक पहुंची. जिसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें – खाकी हुई शर्मसार! 9 साल की बच्ची के बाद नाबालिग लड़का आया सामने, हफ्तेभर में अफसर के खिलाफ दूसरा यौन उत्पीड़न मामला
मृतक महिला के परिजनों का लगाया गया पता
इस जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले को फिर से खोला और सच्चाई का पता लगाने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया. पुलिस ने इस मामले में मृत आरोपी शमशुद्दीन के भाई रिजवान समेत कई अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. और मृतक महिला के अवशेष को डीएनए टेस्ट के लिए भेजा जाएगा. इस बीच, ये भी जानकारी सामने आ रही है कि पुलिस ने मृतक महिला फरजाना के परिवार वालों का पता लगा लिया है. उन्हें इस मामले की जानकारी दी जा रही है.