Caught On Camera: मध्य प्रदेश के सतना से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां नाबालिग की हत्या के आरोप में जेल में बंद एक शख्स जमानत पर बाहर आया तो उसके समर्थकों ने ऐसा जश्न मनाया, मानो कोई बड़ी जंग जीतकर लौटा हो. आरोपी का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और फिर शहर में बाइक और गाड़ियों के साथ रैली निकाली गई. इस दौरान आरोपी चलती बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया. हैरानी की बात यह है कि यह काफिला कोलगवां थाने के सामने से भी गुजर गया. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जेल से बाहर आते ही हुआ फूल-मालाओं से स्वागत
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान मान सिंह उर्फ बेटू के रूप में हुई है. वह अपने चार साथियों के साथ एक नाबालिग की हत्या के मामले में पिछले 14 महीनों से जेल में बंद था. अदालत से जमानत मिलने के बाद जैसे ही वह जेल से बाहर आया, समर्थकों ने फूल-मालाओं से उसका जोरदार स्वागत किया. इसके बाद समर्थकों ने शहर में रैली निकालने की तैयारी की. मान सिंह बोलेरो गाड़ी के बोनट पर बैठ गया और हाथ में सिगरेट लेकर सड़कों पर निकल पड़ा.
जेल से बाहर आते ही गैंगस्टर स्टाइल में शक्ति प्रदर्शन, बोलेरो के बोनट पर बैठकर पी सिगरेट सतना। हत्या के मामले में 14 महीने जेल में रहने के बाद मंगलवार को जमानत पर बाहर आए आरोपी का शहर की सड़कों पर अंदाज देखकर लोग हैरान रह गए। @satna_sp @DGP_MP @MPPoliceDeptt @INCMP https://t.co/no1XHKKQIB
— JAYDEV VISHWAKARMA (@jaydev198) November 4, 2026
बोलेरो के बोनट पर बैठकर उड़ाए सिगरेट के छल्ले
वायरल वीडियो में आरोपी चलती बोलेरो के बोनट पर बैठा दिखाई दे रहा है. वह आराम से सिगरेट पीते हुए नजर आता है. वहीं, उसके पीछे दर्जनों बाइक सवार समर्थकों का काफिला चलता दिखाई देता है. इस दौरान समर्थक नारेबाजी करते हुए शक्ति प्रदर्शन करते नजर आए. यह जुलूस शहर की मुख्य सड़कों से होते हुए कोलगवां थाना क्षेत्र से गुजरा और आखिर में सिद्धार्थ नगर पहुंचा. यहां पहुंचकर रैली समाप्त हुई.
थाने के सामने से गुजरा काफिला
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि रैली कोलगवां थाने के ठीक सामने से गुजर गई, लेकिन पुलिस की ओर से इसे रोकने या कार्रवाई करने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है. सड़क पर चलती गाड़ी के बोनट पर बैठना और बाइक सवारों के साथ इस तरह रैली निकालना यातायात नियमों की अनदेखी भी है. अब वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं. यूजर्स सवाल कर रहे हैं कि गंभीर आपराधिक मामले के आरोपी के इस तरह खुलेआम शक्ति प्रदर्शन पर पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की. फिलहाल इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं. वीडियो वायरल होने के बाद यह देखना अहम होगा कि आरोपी और उसके समर्थकों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं.