Bhagavad Geeta: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में युवा अक्सर एंग्जायटी, ओवरथिंकिंग और लगातार तुलना के दबाव में जी रहे हैं. करियर, रिश्ते और सोशल मीडिया की दुनिया के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं रह गया है. ऐसे समय में हजारों साल पुराना ज्ञान भी बेहद प्रासंगिक हो सकता है. श्रीमद्भगवद्गीता के कुछ श्लोक ऐसे हैं, जो आज के दौर में ‘लाइफ हैक्स’ की तरह काम कर सकते हैं,खासकर मानसिक शांति, सही निर्णय और जीवन के संतुलन के लिए.
नीचे दिए गए 5 श्लोक युवाओं को सोचने का एक नया नजरिया दे सकते हैं:
1. योगस्थ: कुरु कर्माणि… (अध्याय 2, श्लोक 48)
यह श्लोक सिखाता है कि काम करते समय मन को स्थिर रखना सबसे जरूरी है. अक्सर हम किसी भी काम का परिणाम पहले सोच लेते हैं और उसी चिंता में उलझ जाते हैं. लेकिन जब हम सिर्फ अपने प्रयास पर ध्यान देते हैं और सफलता-असफलता को समान भाव से स्वीकार करते हैं, तो तनाव कम होता है. असली संतुलन यही है-हर परिस्थिति में मन को स्थिर रखना.
विहाय कामान्यः सर्वान्… (अध्याय 2, श्लोक 71)
यहां संदेश है कि जरूरत से ज्यादा इच्छाएं और लालसा ही बेचैनी की वजह बनती हैं. इसका मतलब यह नहीं कि लक्ष्य छोड़ दिए जाएं, बल्कि यह समझना है कि इच्छाओं के पीछे भागते-भागते हम खुद को खो न दें. जब इंसान अपेक्षाओं और अहंकार से थोड़ा दूरी बनाता है, तो उसे भीतर से सुकून मिलना शुरू होता है.
कर्मण्येवाधिकारस्ते… (अध्याय 2, श्लोक 47)
यह गीता का सबसे प्रसिद्ध संदेश है-आपका अधिकार सिर्फ कर्म पर है, फल पर नहीं. आज के युवा अक्सर रिजल्ट को लेकर इतना सोचते हैं कि उनका फोकस ही भटक जाता है. यह श्लोक याद दिलाता है कि मेहनत करना आपके हाथ में है, लेकिन उसका नतीजा नहीं. इसलिए काम करते रहना ही असली जिम्मेदारी है.
क्रोधाद्भवति सम्मोहः… (अध्याय 2, श्लोक 63)
गुस्सा इंसान की समझ को कमजोर कर देता है. जब व्यक्ति क्रोध में होता है, तो वह सही-गलत का फर्क भूल जाता है और ऐसे फैसले ले सकता है, जिनका असर लंबे समय तक रहता है. यह श्लोक साफ तौर पर चेतावनी देता है-जब मन अशांत हो, तब कोई बड़ा निर्णय लेने से बचें.
श्रेयान्स्वधर्मो विगुणः… (अध्याय 3, श्लोक 35)
हर व्यक्ति का अपना एक अलग स्वभाव और क्षमता होती है. दूसरों की सफलता देखकर उनकी नकल करना अक्सर असंतोष और तनाव पैदा करता है. यह श्लोक बताता है कि अपनी राह पर चलना, चाहे वह कठिन क्यों न हो, ज्यादा बेहतर है. खुद को समझना और उसी के अनुसार आगे बढ़ना ही सच्ची सफलता है.
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियों का हम यह दावा नहीं करते कि ये जानकारी पूर्णतया सत्य एवं सटीक है. पाठकों से अनुरोध है कि इस लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें. India News इसकी सत्यता का दावा नहीं करता है.