Bigg Boss 20: ‘बिग बॉस 20’ का खेल अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है. शो का दूसरा हफ्ता शुरू होते ही घरवालों के बीच तनाव बढ़ गया है और अब हर कंटेस्टेंट को एलिमिनेशन का डर सताने लगा है. पहले हफ्ते में किसी सदस्य को घर से बाहर नहीं किया गया था लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है. पहले हफ्ते की राहत के बाद दूसरे हफ्ते में तीन पुरुष कंटेस्टेंट्स पर बेघर होने की तलवार लटक गई है. इनमें आसिफ खान, रोहेद खान और तन्मय ‘ScoutOP’ सिंह का नाम शामिल है. खास बात यह है कि इस बार घरवालों की वोटिंग से ज्यादा बिग बॉस के एक फैसले ने पूरा नॉमिनेशन बदल दिया.
रद्द हुई पूरी नॉमिनेशन प्रक्रिया
दरअसल, घरवालों को दो-दो सदस्यों को नॉमिनेट करने का टास्क दिया गया था लेकिन नॉमिनेशन शुरू होने से पहले ही घर में कुछ कंटेस्टेंट्स इस बात पर चर्चा करने लगे कि किसे निशाना बनाया जाए और किसका नाम आगे रखा जाए. बिग बॉस को घरवालों की यह रणनीति बिल्कुल पसंद नहीं आई. इसके बाद उन्होंने घरवालों द्वारा किए गए पूरे नॉमिनेशन को ही रद्द कर दिया. इतना ही नहीं, नॉमिनेशन की प्रक्रिया पर चर्चा करने वाले सदस्यों को सजा भी दी गई.
चार नाम और तीन को मिली सजा
बिग बॉस ने घरवालों को एक वीडियो दिखाया, जिसमें आसिफ खान, यंग DSA, रोहेद खान और ScoutOP नॉमिनेशन को लेकर बातचीत करते नजर आए. हालांकि, यंग DSA घर के मौजूदा कैप्टन हैं, इसलिए उन्हें इस सजा से बाहर रखा गया. इसके बाद आसिफ खान, रोहेद खान और ScoutOP को सीधे एलिमिनेशन के लिए नॉमिनेट कर दिया गया. यानी अब इन तीनों की किस्मत दर्शकों के वोट पर निर्भर करेगी.
आसिफ खान ने फैसले पर उठाए सवाल
नॉमिनेशन में नाम आते ही ‘पंचायत’ फेम आसिफ खान ने बिग बॉस के फैसले पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने इसे ‘अनुचित’ बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर टारगेट किया जा रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन तीनों में से कौन शो में अपनी जगह बचा पाएगा और इनमें से किसका सफर यहीं खत्म हो जाएगा?
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: ‘मैं राक्षस के मुंह में…’ एक बार फिर काजी की हरकतों ने घरवालों को किया हैरान, पसीने में भीगे आसिफ को…