इंजीनियरिंग छोड़ चुनी एक्टिंग की राह, NSD में मिली जीवनसाथी, ‘दांडी विद गांधी’ ने बदली किस्मत
Atul Kulkarni: बॉलीवुड में बहुत से ऐसे एक्टर्स हैं, जिन्होंने अपनी एक्टिंग से लोहा मनवा दिया. भले ही उन्हें मुख्य किरदार न मिले हों लेकिन साइड रोल्स में भी उन्होंने कमाल कर दिखाया. ऐसे ही एक्टर हैं अतुल कुलकर्णी. अतुल कुलकर्णी का शुरुआती रास्ता फिल्मों की तरफ सीधा नहीं था. वे इंजीनियरिंग की पढ़़ाई छोड़कर एक्टिंग की तरफ आगे बढ़े. एक्टिंग को करियर बनाने के लिए उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) का रुख किया.
जूनियर से प्यार और फिर शादी
इसी दौरान NSD में ही उनकी मुलाकात गीतांजलि कुलकर्णी से हुई, जो उनसे एक क्लास जूनियर थीं. गीतांजलि ने उन्हें शादी का प्रस्ताव दिया. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि इंडिया गेट के लॉन में घूमते वक्त उन्होंने अतुल से शादी के बारे में पूछा था. उनकी हामी मिलने के बाद दोनों ने घरवालों से बात की और उनकी रजामंदी से 1996 में शादी कर ली. दोनों तीन दशक से साथ में हैं.
35 साल की उम्र में शुरू हुई एक्टिंग
हालांकि उनका फिल्मी करियर भी काफी देर से शुरू हुआ. अतुल के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट एक थिएटर प्ले दांडी विद गांधी बना. कमल हासन ने इस नाटक में उन्हें देखा और हे राम में काम करने का मौका दिया. 35 साल की उम्र में उनकी पहली फिल्म हे राम रिलीज हुई. इस फिल्म में अतुल ने अहम भूमिका निभाई और उन्हें इसके लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.
मधुर भंडारकर ने ऑफर की फिल्म
हे राम के बाद मधुर भंडारकर ने उन्हें चांदनी बार फिल्म में रोल ऑफर किया. इस फिल्म में उनकी एक्टिंग काफी पसंद की गई. ये फिल्में मिलना उनके लिए बड़ी बात थी. वे इन फिल्मों को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट मानते हैं.
लेखन और प्रोडक्शन में भी आजमाया हाथ
अतुल कुलकर्णी ने हिंदी के साथ ही मराठी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया. उनकी एक्टिंग को काफी सराहा गया. उन्होंने कई सीरिज में भी काम किया है. एक्टिंग के साथ उन्होंने लेखन और प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया.
पत्नी के साथ होना चाहते हैं कास्ट
हैरानी की बात ये है कि अतुल कुलकर्णी और उनकी पत्नी गीतांजलि लगभग 30 साल से इंडस्ट्री में हैं लेकिन दोनों को कभी भी पति-पत्नी का रोल ऑफर नहीं हुआ.अतुल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह लगभग 30 साल से इंतजार कर रहे हैं कि दोनों किसी प्रोजेक्ट में साथ कास्ट हों लेकिन अब तक उन्हें ऐसा मौका नहीं मिला है.