कहते हैं कि अगर दिल में जुनून हो, तो बढ़ती उम्र भी घुटने टेक देती है. दक्षिण अफ्रीका के स्टार लेग स्पिनर इमरान ताहिर को देखकर आज पूरी दुनिया यही बात दोहरा रही है. जिस उम्र में ज्यादातर खिलाड़ी क्रिकेट को अलविदा कहकर कमेंट्री बॉक्स या कोचिंग में नजर आते हैं, वहां यह गेंदबाज आज भी मैदान पर किसी नौजवान की तरह दौड़ता है और विरोधी बल्लेबाजों के छक्के छुड़ा देता है.
कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में गयाना अमेजन वारियर्स के कप्तान इमरान ताहिर ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ कातिलाना गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया है. कप्तान ताहिर ने अपनी फिरकी का ऐसा मायाजाल बुना कि विरोधी टीम देखती रह गई. इस मुकाबले में उन्होंने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से न सिर्फ अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई, बल्कि टी20 क्रिकेट में एक ऐसा महा-रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे तोड़ पाना अब किसी के लिए भी आसान नहीं होगा.
ताहिर की फिरकी में उलझी सेंट लूसिया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट लूसिया किंग्स की टीम ताहिर की गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी. ताहिर ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट झटके. इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 4.25 का रहा. ताहिर की इस घातक गेंदबाजी की बदौलत पूरी सेंट लूसिया की टीम 18.5 ओवर में महज 119 रनों पर ढेर हो गई.
इमरान ताहिर CPL में बतौर कप्तान 5 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उनके अलावा मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट, जबकि ड्वेन प्रिटोरियस और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट हासिल किया.
🚨 HISTORY BY 47-YEAR-OLD IMRAN TAHIR 🔥
– He becomes the oldest player ever to take a five-wicket haul in T20 Cricket.
Captain of Guyana Amazon Warriors on Prime touch. pic.twitter.com/xF5OaGvQ0M
— Johns. (@CricCrazyJohns) September 10, 2026
47 की उम्र में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
47 साल की उम्र में 5 विकेट लेकर ताहिर ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया है. वह टी20 क्रिकेट (इंटरनेशनल और लीग मिलाकर) में 5 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं.
उन्होंने यह कारनामा 47 साल और 166 दिन की उम्र में किया. इसके साथ ही उन्होंने कुक आइलैंड्स के गेंदबाज तोमाकांते रितावा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 46 साल 299 दिन की उम्र में 5 विकेट लिए थे.
टी20 में सबसे ज्यादा उम्र में 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- इमरान ताहिर: 47 साल 166 दिन (2026)
- तोमाकांते रितावा: 46 साल 299 दिन (2022)
- इमरान ताहिर: 46 साल 148 दिन (2025)
- इमरान ताहिर: 44 साल 323 दिन (2024)
- प्रकाश मिश्रा: 44 साल 165 दिन (2023)
गयाना ने 4 विकेट से जीती बाजी
120 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी गयाना अमेजन वारियर्स की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन टीम ने 18.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 122 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. गयाना के लिए ग्लेन फिलिप्स ने 37 रन बनाए, जबकि क्वेंटिन सैमसन ने नाबाद 37 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली.