कई बार कुछ तस्वीरें बिना कुछ बोले भी ऐसा बहुत कुछ कह जाती हैं, जो सीधे इंसान के दिल में चुभ जाता है. मध्य प्रदेश के सीधी जिले से आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर हर किसी का कलेजा छलनी कर रही है.
तस्वीर एक मजबूर बुजुर्ग की है और उसके कंधों पर सवार है सिस्टम का वो अहंकार, जिसे इंसानियत का जरा भी खौफ नहीं. एक तरफ वो बूढ़ा बाप, जो अपनों के हक और सरकारी मदद की उम्मीद में कीचड़ में उतरने को मजबूर है, तो दूसरी तरफ अपने चमचमाते जूते खराब होने के डर से उसकी पीठ पर चढ़े बैठे पटवारी साहब.
आइए जानते हैं कि आखिर क्या है इस वायरल वीडियो का पूरा सच…
पटवारी साहब कीचड़ पार करने के लिए बुजुर्ग की पीठ पर सवार
दरअसल, मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने इंसानियत और प्रशासनिक रवैये पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राजस्व विभाग के पटवारी साहब कीचड़ पार करने के लिए एक बुजुर्ग ग्रामीण की पीठ पर सवार नजर आ रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
दावा है कि यह वीडियो सीधी जिले की माता ग्राम पंचायत का है. वीडियो में दिख रहे पटवारी का नाम नीलेश नामदेव बताया जा रहा है, जो गांव के ही बुजुर्ग ललवा केवट के घर और जमीन का जायजा लेने जा रहे थे.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब एक साल पहले कड़ाके की ठंड के दौरान जंगली जानवरों और भालुओं ने 65 वर्षीय बुजुर्ग ललवा केवट की फसलों को रौंद दिया था और उनके घर को भी काफी नुकसान पहुंचाया था. इसी नुकसान का मुआयना करने और सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के लिए पटवारी नीलेश नामदेव वहां पहुंचे थे.
🚨Patwari Sahab in Sidhi, Madhya Pradesh climbed onto an elderly man’s back just to keep his shoes from getting wet.
And they suspended him for such a tiny thing. Unbelievable. pic.twitter.com/5DBLOR4lvW
— Gems (@gemsofbabus_) September 9, 2026
जूते न भीगें, इसलिए बुजुर्ग की पीठ पर चढ़ा पटवारी?
आरोप है कि रास्ते में कीचड़ को पार करते वक्त पटवारी साहब को चिंता थी कि कहीं उनके जूते और कपड़े गीले न हो जाएं. उन्होंने बुजुर्ग ललवा केवट के सामने शर्त रख दी कि अगर वे उन्हें अपनी पीठ पर उठाकर नदी पार कराएंगे, तभी वे उनके घर और जमीन का सर्वे करने आगे जाएंगे. लाचार बुजुर्ग को मजबूरी में पटवारी साहब को अपनी पीठ पर लादकर नदी पार करानी पड़ी.
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. एक तरफ जहां पटवारी के इस गैर-जिम्मेदाराना और अमानवीय रवैये की चौतरफा निंदा हो रही है, वहीं दूसरी तरफ अधिकारी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठी. जिसके बाद पटवारी को निलंबित किए जाने की खबर है
बीते दिन, मामले की गंभीरता को देखते हुए सीधी के कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा, ‘वीडियो अभी सामने आया है और इसकी जांच की जा रही है. शिकायत मिलने और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.’