कभी बनना चाहती थीं IAS, लेकिन किस्मत ने बनाया एक्ट्रेस, बिग बॉस विनर बनकर बटोरी सुर्खियां, जानें कौन हैं वो
Rubina Dilaik: 26 अगस्त का दिन टीवी की मशहूर अभिनेत्री रुबीना दिलैक के लिए खास है. शिमला की खूबसूरत वादियों में जन्मीं रुबीना ने छोटे पर्दे पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है. ‘छोटी बहू’ से लेकर ‘शक्ति- अस्तित्व के एहसास की’ तक उन्होंने ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रुबीना का सपना अभिनेत्री बनने का नहीं था? वह कभी आईएएस अफसर बनना चाहती थीं.
IAS बनना चाहती थीं रुबीना
रुबीना का जन्म 26 अगस्त 1987 को शिमला, हिमाचल प्रदेश में हुआ था. पढ़ाई के दौरान वह पढ़ाई-लिखाई में काफी तेज थीं. वह नेशनल लेवल पर डिबेट चैंपियन भी रह चुकी हैं. उनके पिता गोपाल दिलैक चाहते थे कि बेटी आगे चलकर प्रशासनिक सेवा में जाए. इसके लिए रुबीना ने सिविल सर्विस की तैयारी भी शुरू कर दी थी. उनके पिता ने उन्हें इसकी तैयारी के लिए चंडीगढ़ में क्रैश कोर्स तक करवाया था लेकिन जिंदगी ने उनके लिए कुछ और ही कहानी लिख रखी थी.
एक ऑडिशन ने बदल दी पूरी जिंदगी
आईएएस की तैयारी के दौरान रुबीना अपनी बहन और दोस्त के साथ चंडीगढ़ में एक टीवी शो के ऑडिशन में गई थीं. दिलचस्प बात यह है कि वह वहां एक्ट्रेस बनने के इरादे से नहीं गई थीं लेकिन ऑडिशन में वे पास हो गईं और उन्हें 'छोटी बहू' में राधिका का किरदार मिला. शुरुआत में रुबीना ने एक्टिंग को करियर बनाने का फैसला नहीं किया था लेकिन परिवार के समझाने के बाद उन्होंने यह मौका स्वीकार कर लिया. यही फैसला आगे चलकर उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
घर-घर में मिली पहचान
साल 2008 में रुबीना ने टीवी की दुनिया में कदम रखा. 'छोटी बहू' में राधिका के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी. उनकी सादगी और अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके बाद रुबीना ने 'पुनर्विवाह', 'जीनी और जूजू', 'देवों के देव...महादेव' जैसे तमाम शोज में काम किया. हालांकि 'शक्ति- अस्तित्व के एहसास की' में उन्होंने सौम्या का किरदार किया, जो उनके करियर के सबसे चर्चित रोल्स में शामिल हुआ. इस किरदार में उन्होंने एक किन्नर का किरदार निभाया था.
बनीं 'बिग बॉस' विनर
टीवी पर संस्कारी बहू के किरदारों से लोकप्रिय हुईं रुबीना जब 'बिग बॉस 14' में पहुंचीं तो दर्शकों को उनका एक बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिला. शो में उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी और कई मौकों पर मजबूती से अपना पक्ष रखा. करीब 20 हफ्तों तक चले इस सफर के बाद रुबीना ने फिनाले में बाजी मार ली और 'बिग बॉस 14' की विनर बन गईं. उन्हें ट्रॉफी के साथ 36 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली.
टैलेंट का भी जीता खिताब
रुबीना सिर्फ अभिनय में ही आगे नहीं थीं. उन्होंने ब्यूटी पेजेंट में भी अपनी पहचान बनाई. साल 2006 में उन्होंने मिस शिमला का खिताब जीता और 2008 में मिस नॉर्थ इंडिया भी बनीं.