10 रुपये के खर्च में बंद हो जाएगी दरवाजे की चरमराहट, अपनाने होंगे ये आसान टिप्स
Home Remedies: अक्सर घरों में लकड़ी के दरवाजों में चरमराहट की आवाजें आने लगती हैं, जिसके कारण लोग परेशान हो जाते हैं. रात हो या दिन, जब भी दरवाजा खोलो या बंद करो, तो शोर के कारण चिड़चिड़ाहट होने लगती है. इसके कारण लोग सोचते हैं कि आखिर इसे ठीक कैसे किया जाए? इसके लिए आज हम आपको कुछ बेहतरीन ट्रिक बताने वाले हैं, जिसके लिए आपको ज्यादा खर्चा करने की भी जरूरत नहीं पड़ती. इसे सही करना ज्यादा मुश्किल भी नहीं है. इसके लिए आपको किसी प्रोफेशनल और महंगे सामानों की जरूरत नहीं पड़ेगी और आप खुद ही आसानी से उसे सही कर सकते हैं और आवाज बंद कर सकते हैं.
आवाज करने का कारण
बता दें कि दरवाजे से आवाज आने का कारण उसका सपोर्ट है, जिसे कब्जा कहा जाता है. ज्यादा दिनों तक अगर उनकी सफाई सही से न की जाए, तो इनमें धूल, जंग या सूखेपन के कारण दरवाजा आवाज करने लगता है. इसे सही समय पर ध्यान देना जरूरी है, वरना ये समस्या बढ़ सकती है और दरवाजा खराब हो सकता है.
सरसों के तेल से करें सही
अगर आपके घर का दरवाजा भी आवाज करने लगा है, तो उसमें थोड़ा सा सरसों का तेल डालकर उसे थोड़ी देर के लिए एक ही स्थिति पर छोड़ दें. 10 मिनट बाद आप इसमें असर देख सकते हैं.
नारियल का तेल और मशीन ऑयल
आप सरसों के तेल के अलावा नारियल के तेल या मशीन ऑयल का इस्तेमाल करके भी दरवाजे की चरमराहट को बंद कर सकते हैं. इसे भी दरवाजों के कब्जों पर लगाकर छोड़ना है और दरवाजा सही हो जाएगा.
वैसलीन का करें इस्तेमाल
अगर आप चाहें, तो दरवाजों के कब्जों पर वैसलीन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इससे कब्जे स्मूद हो जाएंगे और उनकी आवाज भी बंद हो जाएगी. इसे लगाकर छोड़ दें और थोड़ी देर बाद दरवाजों की आवाज में असर दिखने लगेगा.
साबुन से बंद होगी आवाज
आप दरवाजों से चें-चें की आ रही आवाज को साबुन से भी बंद कर सकते हैं. आपको हल्का सा सूखा साबुन कब्जों पर रगड़ना होगा. इससे आवाज आनी कम हो जाएगी.
रिपेयर की जरूरत
अगर इन तरीकों का इस्तेमाल करके भी आवाज बंद नहीं होती है, तो ऐसे में आपको रिपेयर की जरूरत पड़ सकती है. हो सकता है कि कब्जे ज्यादा घिस चुके हैं या स्क्रू ढीले हो गए हैं, तो उन्हें सही कराना जरूरी होता है.