Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाझिला गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक घर के कमरे से मां और उसके दो मासूम बच्चों के शव संदिग्ध हालत में बरामद किए गए. तीनों शव एक ही रस्सी से बंधे हुए पाए गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों के बीच चीत्कार और मातम का माहौल बन गया. स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए.
मृतका के पति संतोष कुमार साह उर्फ मिठाईलाल साह ने बताया कि वह एक शादी समारोह में कैटरिंग के काम से बाहर गए हुए थे. सुबह जब घर लौटे तो दरवाजा बाहर से बंद मिला. शक होने पर दरवाजा खोला गया, तो अंदर पत्नी और दोनों बच्चों के शव देखकर उनके होश उड़ गए.
‘पट्टीदारों के साथ जमीन को लेकर चल रहा था विवाद’
परिजनों ने इस घटना को सुनियोजित हत्या करार दिया है. उनका आरोप है कि पट्टीदारों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में आरोपियों ने घर में घुसकर तीनों की बेरहमी से हत्या कर दी.
मृतका की गोतनी ने भी इस घटना को हत्या बताते हुए कहा कि उनका कमरा भी बाहर से बंद कर दिया गया था. किसी तरह बाहर निकलने के बाद उन्होंने यह भयावह दृश्य देखा. उनका आरोप है कि आरोपियों ने पहले गला दबाकर या फंदा लगाकर हत्या की और फिर शवों को एक रस्सी से बांध दिया.
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- पुलिस
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.