Delhi High Alert | Delhi Independence Day Security : स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराकर देश को संबोधित करेंगे. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी को हाई अलर्ट पर रखा है. अलग-अलग इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों के पोस्टर भी लगाए गए हैं. हालांकि, प्रमुख बाजारों का जायजा लेने पर सुरक्षा व्यवस्था की तस्वीर हर जगह एक जैसी नहीं दिखी. चांदनी चौक, कनाट प्लेस और सरोजिनी नगर में जहां कड़ा पहरा नजर आया, वहीं करोल बाग और गांधी नगर में सुरक्षा इंतजाम सामान्य दिनों जैसे दिखाई दिए.
चांदनी चौक में कड़ा पहरा
लाल किले के सामने स्थित चांदनी चौक बाजार में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं. बाजार को एहतियातन बंद कराया गया है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पूरे इलाके की निगरानी के लिए एक हजार से अधिक नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. लाल किले के आसपास बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच भी की जा रही है. पुलिस की कोशिश है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर पड़ सके.
करोल बाग और गांधी नगर में सुरक्षा इंतजाम कमजोर दिखे
करोल बाग जैसे भीड़भाड़ वाले बाजार में सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत सामान्य नजर आई. लोगों को बिना किसी विशेष जांच के बाजार में प्रवेश मिलता दिखा. एंट्री प्वाइंट पर बने मचान पर भी सुरक्षाकर्मी नजर नहीं आए. गांधी नगर मार्केट में भी बैरिकेडिंग और मेटल डिटेक्टर जैसे इंतजाम दिखाई नहीं दिए. संकरी गलियों के कारण यहां वाहनों से गश्त करना भी मुश्किल है.
सरोजिनी नगर में बिना जांच एंट्री नहीं
सरोजिनी नगर मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त नजर आई. दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात हैं. मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से तलाशी के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है. बाजार के भीतर और गेट नंबर-5 के मचान पर भी जवान मुस्तैद दिखे. आने-जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. हालांकि, कुछ अनाउंसमेंट सिस्टम खराब पड़े हैं, जिन्हें दुरुस्त करने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: Delhi Traffic Advisory: 13 अगस्त को दिल्ली के ये रास्ते रहेंगे बंद, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, चेक करें लिस्ट
दिल्ली तक बढ़ी निगरानी
कनाट प्लेस और बाराखंबा रोड पर भी बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है. वहीं जहांगीरपुरी, सुल्तानपुरी, रोहिणी और मंगोलपुरी में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है. हालांकि कुछ बाजारों में पुलिस की मौजूदगी कम दिखाई दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी, गश्त और स्थानीय निगरानी के जरिए संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: 2 साल तक FIR नहीं… हिरासत में श्रवण की मौत पर Supreme Court ने उठाए सवाल, CBI जांच के साथ दिए ये आदेश