MP News: बैतूल में मुल्ताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिन्हें जिले में उनके शांत, सरल और सौम्य स्वभाव के लिए जाना जाता है, आज ताप्ती तट पर आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में अव्यवस्थाओं को लेकर खासे नाराज नजर आए. छोटे तालाब के भूमिपूजन के दौरान व्यवस्थाओं में भारी कमी देखकर विधायक ने नगर पालिका के अधिकारियों पर नाराजगी जताई और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) तथा उपयंत्री को मौके पर ही फटकार लगाई.
विधायक की नाराजगी इतनी बढ़ गई कि उन्होंने नगर पालिका के दूसरे निर्धारित कार्यक्रम प्याऊ उद्घाटन में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया. बाद में यह कार्यक्रम विधायक की अनुपस्थिति में संपन्न कराया गया.
भूमिपूजन में दिखी गंभीर लापरवाही
कार्यक्रम में नगर पालिका की तैयारियों की पोल उस समय खुल गई जब भूमिपूजन के लिए खुदाई हेतु गैंती के बजाय फावड़ा रखा गया था. इतना ही नहीं, अतिथियों और जनप्रतिनिधियों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था भी नहीं की गई थी. परिणामस्वरूप संबंधित वार्ड के पार्षद सहित कई जनप्रतिनिधियों को खड़े रहना पड़ा.
अतिथियों के स्वागत की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी. कार्यक्रम स्थल पर केवल औपचारिक रूप से कुर्सियां लगाकर आयोजन संपन्न करने की तैयारी की गई थी. विधायक की नाराजगी के बाद नगर पालिका अधिकारियों ने आनन-फानन में गुलदस्ता मंगवाकर उनका स्वागत किया.
भविष्य के लिए दी चेतावनी
बैठक व्यवस्था और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर कुछ पार्षदों ने भी आपत्ति जताई. विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर नगर पालिका के आयोजनों में शामिल होते हैं, लेकिन यदि भविष्य में इसी तरह की अव्यवस्थाएं रहीं, तो वे नगर पालिका के कार्यक्रमों में शामिल होने पर पुनर्विचार करेंगे.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.