MP News: शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे में गुरुवार दोपहर एक ज्वेलरी कारोबारी द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय संदीप सोनी पुत्र जगदीश सोनी ने अपने घर में पिस्टल से सिर में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़ने पर संदीप खून से लथपथ हालत में मिले.
परिजनों ने उन्हें तुरंत बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया. गुना पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आत्महत्या के कारणों का अभी नहीं चला पता
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल अवैध हो सकती है, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि कर रही है. आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है.
सूत्रों के अनुसार, कारोबारी के आईपीएल सट्टे में आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हो रही जांच
बदरवास थाना प्रभारी एसआई शिखा तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.