Bharat Finance Fraud: कुछ ही समय पहले वित्तीय मामलों में हेर-फेर और फ्रॉड को लेकर एडवायजरी जारी हुई थी और लोगों को साइबर और बैंक फ्रॉड के प्रति सचेत किया गया था, लेकिन फिर भी छत्तीसगढ़ के एक एजेंट ने ऑर्गेनाइजेशन की नाक के नीचे से लाखों रुपये का गबन कर लिया. मामला ‘भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड’ की पेंड्रा शाखा का है, जहां कार्यरत एक कलेक्शन एजेंट ने कंपनी और दर्जनों महिला हितग्राहियों के 11.47 लाख रुपये का गबन कर लिया है. पुलिस ने आरोपी एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का नाम चैत राम पटेल है जो चनाडोंगरी, जिला बिलासपुर का रहने वाला है. आरोपी एजेंट फरवरी 2022 से मई 2024 के बीच पेंड्रा शाखा में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत था. आरोप हैं कि चैत राम पटेल ने 49 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्त और लोन क्लोज के नाम पर कुल 11,47,883 रुपये की वसूली तो की, लेकिन पैसे को कंपनी के खाते में कभी जमा ही नहीं किया.
कैसे हुआ खुलासा?
फाइनेंशियल फ्रॉड का ये मामला तब सामने आया जब प्रभावित महिलाओं ने इस संबंध में कंपनी प्रबंधन को लिखित शिकायत दी. जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर शाखा प्रबंधन ने आरोपी से संपर्क किया. शुरुआत में उसने जल्द राशि जमा करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और वह फरार हो गया.
मैनेजर ने की शिकायत
इस मामले में शाखा प्रबंधक बद्री दास मानिकपुरी ने थाना पेंड्रा में आपराधिक विश्वासघात और गबन से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है. जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of a syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for the accuracy of the facts.