CM Yogi Reactions: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. जहां मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया है. जानकारी के अनुसार, वो सिर्फ 38 साल के थे. लखनऊ के सिविल अस्पताल ने उनके निधन की पुष्टि की है. प्रतीक बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे. उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया सामने आई है.
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के बेटे और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का अचानक निधन अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ हैं. मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें. ओम शांति.
सपा की प्रतिक्रिया भी आई सामने
इस बीच, समाजवादी पार्टी ने भी प्रतीक यादव के निधन पर अपनी पहली प्रतिक्रिया जारी की. अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने प्रतीक यादव के निधन पर अपना दुख व्यक्त किया. समाजवादी पार्टी ने पोस्ट किया कि प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुखद है! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!
यह भी पढ़ें – जेल से फरार होने के लिए खाई छिपकली, देशभर में 500 से ज्यादा चोरी की घटना को दिया अंजाम; अब कहां है बंटी चोर?
मौत की असल वजह आई सामने
प्रतीक की मृत्यु का वास्तविक कारण अभी तक सामने नहीं आया है. कुछ रिपोर्टों का दावा है कि प्रतीक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे. इसके अलावा, किसी जहरीले पदार्थ के सेवन को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं. फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी सामने आ रही है कि सीएमओ की देखरेख में 3-4 डॉक्टरों की एक टीम पोस्टमार्टम करेगी. इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी, जिसके बाद मृत्यु का सटीक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें – Rajasthan: सीएम भजनलाल शर्मा ने मजदूर के घर किया भोजन, स्वादिष्ट भोजन से हुए बेहद प्रभावित! जमकर की तारीफ
कौन थे प्रतीक यादव?
प्रतीक ने अपनी शिक्षा UK के लीड्स विश्वविद्यालय से पूरी की थी. वह राजनीति से दूर रहे और रियल एस्टेट तथा फिटनेस के क्षेत्रों में सक्रिय थे. लखनऊ में प्रतीक का ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से एक जिम था. वह ‘जीव आश्रय’ नाम का एक संगठन भी चलाते थे. इस संगठन के माध्यम से उन्होंने आवारा कुत्तों के इलाज, देखभाल, भोजन और बचाव की व्यवस्था की.