बलरामपुर जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र से भयावह घटना सामने आई है, जहां भुताही गांव में नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है. मासूम बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
साथ में डूब गए दोनों दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 वर्षीय और 6 वर्षीय दोनों बच्चे अपने अन्य साथियों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने गए थे. भीषण गर्मी के बीच बच्चे नदी में स्नान और खेलने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान नहाते-नहाते दोनों बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूबने लगे. साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने जब उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.
मशक्कत से मिले शव
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने के लिए नदी में उतरकर काफी प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां मासूम बच्चों की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पुलिस ने कराई जांच
बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के निवासी थे. घटना की सूचना पर सामरी पाठ थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शनिवार को दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराया गया.
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की आंखें नम हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें:- घर की दहलीज पर खड़ा था शख्स, तभी काल बनकर आई बाइक: 4 लोग लहूलुहान; 2 जिंदगी और मौत के बीच!
Disclaimer: The article is a part of a syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for the accuracy of the facts.