UP News: उत्तर प्रदेश के बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में बाढ़ खण्ड बलिया के अधिशासी अभियंता ने जिले में चल रही बाढ़ परियोजनाओं तथा बाढ़ से निपटने की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अति संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और वहां निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने एडीएम अनिल कुमार को निर्देश दिया कि 15 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि बाढ़ पूर्व सभी तैयारियां समय से पूरी हो सकें.
सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश
इसके अलावा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए. पशु चिकित्सा विभाग को पशुओं के लिए चारा और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि जल निगम को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को संभावित राहत शिविरों को चिन्हित कर पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को भी कहा, ताकि आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में कोई बाधा न आए. साथ ही बाढ़ से निपटने के लिए समन्वित कार्ययोजना पर चर्चा की गई.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.