Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मऊ से स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक बच्चे को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने का आरोप लगा है. परिजनों का दावा है कि इस लापरवाही के कारण बच्चे को ब्लड कैंसर हो गया. मामले में न्यायालय के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया था भर्ती
मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव गांव का है. गांव की रहने वाली शकुंतला देवी के अनुसार, उनके पोते अभिनव की तबीयत खराब होने पर उसे बुनाई विद्यालय स्थित विवान चाइल्ड केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था. यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक कुमार सिंह उसका इलाज कर रहे थे. इलाज के दौरान बच्चे को खून की जरूरत पड़ी. इसके बाद सहादतपुरा स्थित शारदा नारायण हॉस्पिटल के ब्लड बैंक से खून मंगवाया गया.
O ग्रुप की जगह B ग्रुप का खून देने का आरोप
शिकायत में शकुंतला देवी ने आरोप लगाया कि बच्चे के लिए O ब्लड ग्रुप का खून मांगा गया था, लेकिन ब्लड बैंक से B ग्रुप का खून दे दिया गया. आरोप है कि डॉक्टर ने बिना उचित जांच के बच्चे को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ा दिया. परिजनों का कहना है कि इसके बाद बच्चे की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई. उसे चार-पांच दिन तक अस्पताल में भर्ती रखने के बाद 16 नवंबर 2024 को दवाइयां देकर छुट्टी दे दी गई.
हालत में सुधार नहीं हुआ तो दूसरे अस्पताल ले गए
परिजनों के मुताबिक, दवाइयों से बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ. दोबारा तबीयत बिगड़ने पर उसे फिर उसी बाल रोग विशेषज्ञ के पास ले जाया गया. आरोप है कि 3 फरवरी 2025 को डॉक्टर ने बच्चे को डिस्चार्ज कर कहीं और इलाज कराने की सलाह दी. इसके बाद परिवार 20 फरवरी 2025 को बच्चे को लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) लेकर पहुंचा. लखनऊ में जांच के बाद कैंसर की जानकारी मिलने का दावा शिकायतकर्ता का आरोप है कि लखनऊ में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को ब्लड कैंसर है. परिजनों का दावा है कि गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाए जाने के कारण यह स्थिति पैदा हुई. रिपोर्ट आने के बाद से बच्चे की कीमोथेरेपी चल रही है. हालांकि, गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने और कैंसर होने के बीच चिकित्सकीय संबंध की स्वतंत्र पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.
कोर्ट के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ FIR
शकुंतला देवी का आरोप है कि उन्होंने मामले की शिकायत की, लेकिन शुरुआत में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. न्यायालय के आदेश पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक कुमार सिंह और डॉ. संजय सिंह के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें: Karnataka News: पहले दादी से मांगे पैसे, इनकार पर कर दिया कत्ल! पोते ने शव के साथ जो किया, जानकर कांप उठेंगे
सीओ कर रहे मामले की जांच
कोतवाल प्रमेंद्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर नीतेश प्रताप सिंह को सौंपी गई है. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपों से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका का पता लगा रही है.