देश के आईटी शहर बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक चलती BMTC बस के अंदर एक महिला यात्री के साथ बदसलूकी करने वाले शख्स की पोल खुल गई. महिला ने जब आरोपी की इस हरकत का विरोध किया, तो बस में जमकर हंगामा मच गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 दोपहर की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीएमटीसी बस रूट नंबर 500D/40 नागवाड़ा के पास मण्याता टेक पार्क (Manyata Tech Park) के रास्ते से गुजर रही थी. बस में सफर कर रही एक महिला यात्री ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया. महिला का आरोप था कि बस में सवार एक अज्ञात शख्स ने सफर के दौरान उसे गलत तरीके से छुआ और उसके साथ छेड़छाड़ की. जैसे ही महिला ने आरोपी की इस हरकत को भांपा, उसने बिना डरे तुरंत अपनी आवाज उठाई और बस ड्राइवर को इस बारे में जानकारी दी.
महिला और बस ड्राइवर ने सिखाया सबक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गुस्से से लाल महिला आरोपी को थप्पड़ मार रही है और पीट रही है. इतना ही नहीं, जब आरोपी शख्स ने बस से भागने की कोशिश की, तो समझदारी दिखाते हुए बस ड्राइवर ने तुरंत बस के दोनों दरवाजे बंद कर दिए. ड्राइवर ने अपनी सीट से उठकर आरोपी को लात मारी और गुस्से में उसकी शर्ट तक उतार दी. बस में मौजूद अन्य यात्री भी महिला के समर्थन में आ गए और आरोपी को सबक सिखाने की बात कहते नजर आए. वीडियो में दिख रहे टाइमस्टैम्प के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12:42 बजे की है.
Girl fights back after alleged sexual harassment on Bengaluru BMTC bus (route 500D, Hebbal→Manyata).
Driver Praveen stops bus, confronts the man & delivers a flying kick after being spat on.
Police intervened. Video viral. pic.twitter.com/4tLOKeF7EM
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) July 25, 2026
सीरियल मोलेस्टर होने का दावा
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर ने दावा किया है कि यह आरोपी काफी समय से हेब्बाल-मण्याता (Hebbal-Manyata) रूट की बीएमटीसी बसों में चढ़ता था और चुपचाप महिला यात्रियों को निशाना बनाकर उनके साथ गंदी हरकतें करता था. वीडियो के जरिए लोगों से अपील की गई थी कि अगर कोई इस शख्स को देखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दे.
पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी
संगीपल्ली पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो और महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मण्याता टेक पार्क बस स्टॉप के पास बस से उतरकर फरार हो गया था. फिलहाल पुलिस बीएमटीसी अधिकारियों के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर उसे दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें:- अमरूद के बहाने बुलाया, पत्नी संग नलकूप पर किया खौफनाक कांड… पति से भी बड़ी खिलाड़ी निकली सास!