Karnataka Crime: कर्नाटक के बेलगावी जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक मां ने अपने प्रेमी और उसके चार दोस्तों के साथ मिलकर अपने ही बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि बेटा मां के प्रेम संबंध का विरोध करता था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मां समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मृतक की पहचान बेंगलुरु के आरटी नगर निवासी विजय नारायण के रूप में हुई है. उसकी मां मीना नारायण एक ब्यूटी पार्लर में मैनेजर के पद पर काम करती थी. इसी दौरान उसका महाराष्ट्र निवासी राकेश जमुनी से प्रेम संबंध हो गया. राकेश को मीना ने अपने यहां ड्राइवर के तौर पर नौकरी पर रखा था.
पुलिस के मुताबिक, विजय को जब अपनी मां और राकेश के रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया. वह अपनी मां को इस संबंध को खत्म करने के लिए कहता था. इस बात को लेकर मां-बेटे के बीच अक्सर विवाद भी होता था.
आरोप है कि मीना और राकेश ने विजय को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उसकी हत्या की साजिश रच डाली. दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसमें राकेश के चार दोस्तों को भी शामिल कर लिया.
कर्नाटक राज्योत्सव देखने के बहाने बेलगावी बुलाया
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विजय को कर्नाटक राज्योत्सव समारोह दिखाने के बहाने बेंगलुरु से बेलगावी बुलाया था. एक नवंबर को कर्नाटक राज्योत्सव के दिन उसे पहले कोल्ड ड्रिंक की बोतल में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई.
पुलिस के अनुसार, जब विजय नशे की हालत में आने लगा तो आरोपियों ने शॉल की मदद से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद शव को हाईवे के किनारे एक सुनसान जगह पर फेंक दिया गया. बाद में एक नवंबर को ही उसका शव बरामद हुआ.
मोबाइल की कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज
बेलगावी पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली. इसी के आधार पर पुलिस को आरोपियों के बीच बातचीत और कथित साजिश से जुड़े अहम सुराग मिले. जांच आगे बढ़ने पर मृतक की मां की भूमिका भी सामने आ गई.
बेलगावी के पुलिस कमिश्नर प्रकाश निकम ने बताया कि मुख्य आरोपी राकेश जमुनी महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के गडहिंग्लज का रहने वाला है. मीना और राकेश के बीच अवैध संबंध थे. विजय इसका विरोध करता था और इसी वजह से दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई.
कमिश्नर के मुताबिक, विजय को बेंगलुरु से बेलगावी लाने के बाद कोल्ड ड्रिंक में नींद की दवा मिलाकर दी गई. इसके बाद शॉल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को हाईवे के पास सुनसान इलाके में फेंक दिया गया.
मां समेत छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस हत्याकांड में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें मृतक की मां मीना नारायण, उसका प्रेमी राकेश जमुनी और राकेश के चार दोस्त शामिल हैं. गिरफ्तार दोस्तों की पहचान सचिन, मनोज, तमन्ना और एकनाथ के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है.