Model Divya Pahuja Murder : दो साल पहले दिल्ली से सटे गुरुग्राम में बस स्टैंड के बेहद नजदीक एक होटल में एक खूबसूरत युवती और मॉडल की हत्या ने दिल्ली से लेकर मुंबई तक हिला दिया था. यह युवती कोई साधारण नहीं थी. इसका नाम था- दिव्या पाहुजा. एक दौर था जब दिव्या पाहुजा कुख्यात गैंगस्टर संदीप गाडोली की गर्लफ्रेंड हुआ करती थी. यह मर्डर इसलिए भी चर्चा में आया, क्योंकि दिव्या पाहुजा पर आरोप लगे थे कि उसने संदीप गाडोली की मुखबिरी करके मुंबई में उसका एन्काउंटर करवा दिया था. संदीप गाडोली के एन्काउंटर के 8 साल बाद अभिजीत सिंह ने 2 जनवरी, 2024 को अपनी गर्लफ्रेंड दिव्या पाहुजा को मार डाला. इसके बाद पुलिस की तरफ से दायर की गई चार्जशीट में मुख्य आरोपित अभिजीत ने अपना दिव्या पाहुजा की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया था. अभिजीत का कहना था कि दिव्या पाहुजा वर्ष 2014 से उसकी गर्लफ्रेंड थी. दिव्या के साथ उसके अवैध संबंध हो गए थे. इस बीच अभिजीत को दिव्या उसे पैसों के लिए ब्लैकमेल कर रही थी. इसके बाद दिव्या रुपये न देने पर उसे बदनाम करने की धमकी दे रही थी. कोई रास्ता नहीं बचा तो दिव्या को मार डाला.
अभिजीत के अलावा दो और लोग हुए थे गिरफ्तार
संगीप गाडोली का एन्काउंटर वर्ष 2016 में हुआ था, जबकि 8 साल बाद 2 जनवरी, 2024 को गुरुग्राम के होटल में दिव्या पाहुजा की हत्या कर दी गई. इसमें कई समानताएं देखने की कोशिश की गई. होटल के मालिक अभिजीत सिंह के साथ-साथ होटल के कर्मचारियों ओम प्रकाश और हेमराज इसमें दोषी पाए गए. आरोप था कि अभिजीत सिंह ने हत्या की और होटल कर्मचारी ओम प्रकाश और हेमराज ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की.
अभिजीत की गर्लफ्रेंड मेघा का भी था रोल
पुलिस ने जांच में पाया था कि 2 जनवरी, 2024 होटल में दिव्या की हत्या के दौरान अभिजीत सिंह के साथ उसकी गर्लफ्रेंड मेघा भी थी. हत्या करने के बाद अभिजीत ने गर्लफ्रेंड मेघा को बस स्टैंड पर छोड़ दिया था. यह अलग बात है कि पुलिस ने बाद में अभिजीत और मेघा समेत कई आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था. इसमें अभिजीत के पीएसओ प्रवेश, उसकी गर्लफ्रेंड मेघा, होटल कर्मचारी हेमराज, ओम प्रकाश, अभिजीत का दोस्त बलराज को गिरफ्तार किया.
बेहद खूबसूरत थी दिव्या
हरियाणा के गुरुग्राम में बलदेव नगर की रहने वाली मॉडल दिव्या पाहुजा बेहद खूबसूरत थी. वह यहां पर अपने परिवार के साथ यानी माता-पिता और बहन के साथ रहती थी. वह दिखने में बहुत ही खूबसूरत थी. पुलिस जांच में सामने आया कि दिव्या पाहुजा न्यू ईयर की पार्टी के लिए वह घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी. इसके बाद शक होने पर पुलिस से शिकायत की गई.