Anthony Gonsalves: साल 1977 में रिलीज हुई फिल्म अमर अकबर एंथनी ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया था. मनमोहन देसाई के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, विनोद खन्ना और ऋषि कपूर की तिकड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया. फिल्म की कहानी तीन ऐसे भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी परवरिश अलग-अलग धर्मों में होती है. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्म में अमिताभ बच्चन के किरदार एंथनी गोंजाल्विस के नाम के पीछे एक असली शख्स की कहानी छिपी है? इस शख्स का संगीत की दुनिया से गहरा नाता था.
पर्दे पर छाया अमिताभ का अंदाज
फिल्म में अमिताभ बच्चन ने एंथनी का किरदार निभाया था. वहीं विनोद खन्ना अमर और ऋषि कपूर अकबर बने थे. फिल्म का गाना ‘माई नेम इज एंथनी गोंजाल्विसट’ आज भी लोगों को खूब पसंद आता है. गाने में अमिताभ का अनोखा अंदाज और ईस्टर एग से बाहर निकलने वाला सीन हिंदी सिनेमा के यादगार पलों में शामिल है. हालांकि इस किरदार का नाम यूं ही नहीं रखा गया था. इसके पीछे संगीतकार प्यारेलाल की एक खास याद जुड़ी थी.
कौन थे असली एंथनी गोंजाल्विस?
एंथनी गोंजाल्विस का जन्म 12 जून 1927 को गोवा में हुआ था. वह एक कुशल वायलिन वादक और संगीतकार थे. संगीत के प्रति उनकी लगन ऐसी थी कि महज 12 साल की उम्र में वह चर्च में कॉयर मास्टर बन गए थे. इसके बाद 16 साल की उम्र में मुंबई पहुंचे और फिल्मों की संगीत दुनिया में अपनी पहचान बनाने लगे. एंथनी ने संगीतकार नौशाद के ऑर्केस्ट्रा में वायलिन बजाया. वह छुट्टी के दिनों में बच्चों को संगीत भी सिखाते थे. उनके शिष्यों में आगे चलकर मशहूर हुए आरडी बर्मन और प्यारेलाल जैसे नाम शामिल थे.
प्यारेलाल ने अमर किया गुरु का नाम
कहा जाता है कि प्यारेलाल अपने गुरु एंथनी गोंजाल्विस का बहुत सम्मान करते थे. जब लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की जोड़ी अमर अकबर एंथनी का संगीत तैयार कर रही थी, तब अमिताभ के किरदार का नाम एंथनी फर्नांडिस रखने की बात थी. इसी दौरान प्यारेलाल को अपने गुरु का नाम याद आया और उन्होंने एंथनी गोंजाल्विस नाम सुझाया.
ये भी पढ़ें: Koffee with Karan Secret: नाम ‘कॉफी विद करण’, लेकिन कप में कॉफी नहीं! आखिर क्या पीते हैं करण जौहर? खुला बड़ा राज