Pubic Hair Remove Tips: आजकल समय के साथ लोगों की सोच में भी बदलाव आया है. पहले की तुलना में अब पर्सनल हाइजीन को लेकर भी लोग काफी जागरूक हो गए हैं. वे अपने शरीर की साफ-सफाई को लेकर एहतियात बरतते हैं और इसके लिए कई तरह के प्रोडक्ट्स भी इस्तेमाल करते हैं. प्राइवेट पार्ट की साफ-सफाई हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होती है. बता दें कि, यहां के बाल शरीर को संक्रमण और कीटाणुओं से बचाते हैं, लेकिन अगर बाल बहुत ज्यादा हो जाएं या गंदगी जमा हो, तो खुजली और इंफेक्शन का भी खतरा हो सकता है. इसके इतर कुछ लोगों का अब भी मानना है कि, प्राइवेट पार्ट के बाल नहीं हटाने चाहिए. ऐसा करने से बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोगों का सवाल होता है कि, क्या प्यूबिक हेयर हटाना चाहिए या नहीं? प्राइवेट पार्ट के बालों को कितने दिनों में हटाना चाहिए? प्यूबिक हेयर किस तरह रिमूव करना चाहिए? आइए जानते हैं कि आखिर सच्चाई क्या है-
प्यूबिक हेयर क्या होते हैं?
बेंगलुरु की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. प्रीती कहती हैं कि, यौन अंगों के बाहरी हिस्से में पाए जाने वाले बालों को प्यूबिक हेयर कहते हैं. प्यूबिस बोन के आसपास का इलाका प्यूबिक जोन कहलाता है. इस प्यूबिक जोन और कई बार जननांगों के बाहरी हिस्से में भी बाल होते हैं. यह बाल उगने की प्रक्रिया प्यूबर्टी यानी किशोरवय के साथ शुरू होती है, जब लड़कों में एंड्रोजन्स और लड़कियों में एस्ट्रोजन हॉर्मोन बनना शुरू होता है. यह शरीर में हो रहे हॉर्मोनल बदलावों का ही नतीजा होता है कि लड़कों की दाढ़ी-मूंछ निकलती है, उनकी आवाज भारी हो जाती है और लड़कियों के पीरियड शुरू होते हैं और उनके ब्रेस्ट का विकास होता है.
प्यूबिक हेयर हटाने को लेकर मिथ
प्यूबिक हेयर आना विकास के क्रम में होने वाली सामान्य क्रिया है और यह सभी इंसानों में होती है. लेकिन इस बात को लेकर लोगों में अकसर काफी कनफ्यूजन और गलत अवधारणाएं हैं कि प्यूबिक हेयर रिमूव किया जाना चाहिए या नहीं. अलग-अलग संस्कृतियों में इसे लेकर अलग तरह की अवधरणाएं हैं. कुछ समाजों में प्यूबिक हेयर रिमूव करने की बिल्कुल मनाही है. कुछ समाजों में इसे उत्तेजक माना जाता है. कुछ समाजों में इसे रिमूव करने की परंपरा है, खासतौर पर स्त्रियों के द्वारा.
क्या प्राइवेट पार्ट के बाल हटाना स्वास्थ्य के लिए जरूरी?
डॉक्टर कहती हैं कि, अगर एक लाइन में कहें तो हां. दरअसल, स्वास्थ्य और हाइजीन के लिहाज से प्यूबिक हेयर हटाना बेहतर होता है. चूंकि प्यूबिक एरिया हमेशा ढंका हुआ होता है और वहां अक्सर पसीना रहता है. इस पसीने और गीलेपन की वजह से कई बार इंफेक्शन होने की आशंका रहती है. साथ ही महिलाओं के पीरियड के समय भी अधिक बाल होने से हाइजीन प्रभावित होता है. इसलिए हाइजीन के लिहाज से इसे जरूरी माना जाता है कि बाल न हों, ताकि साफ-सफाई का बेहतर ध्यान रखा जा सके.
प्राइवेट पार्ट से बाल हटाने का सही तरीका क्या?
डॉक्टर कहती हैं कि, प्राइवेट पार्ट के बाल हटाने के लिए वैक्सिंग, शेविंग और हेयर रिमूवल क्रीम जैसे विकल्प होते हैं. वैक्सिंग से बाल जड़ से निकलते हैं और लंबे समय तक बाल नहीं उगते, लेकिन यह दर्दनाक प्रोसेस है. वैक्सिंग के बाद कई लोगों को इंटीमेट एरिया में कई तरह की समस्याएं भी हो सकती हैं. शेविंग की बात करें, तो यह ज्यादा सुरक्षित तरीका है. आप घर पर आसानी से शेविंग कर सकते हैं. हेयर रिमूवल क्रीम दर्द रहित तरीका है, लेकिन इसमें केमिकल्स होते हैं, जिससे स्किन से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं. इस क्रीम का यूज करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.