Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अपहरण और फिरौती का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गांधीनगर के एयरोसिटी कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे कैफे कर्मचारियों को अगवा कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई. आरोप है कि ग्वालियर के एक कैफे संचालक ने करीब 2 लाख रुपये के विवाद में अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और दो युवतियों समेत सभी आठ बंधकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया. वहीं, मुख्य आरोपित अभी फरार है.
आधी रात घर में घुसे आरोपी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात आरोपित गांधीनगर के एयरोसिटी कॉलोनी स्थित किराये के मकान में पहुंचे. वहां रह रहे कैफे कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. इसके बाद दो युवतियों समेत आठ लोगों को जबरन दो गाड़ियों में बैठाकर वहां से ले जाया गया. आरोपित सभी को भोपाल के पिपलानी क्षेत्र में ले गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपितों और कर्मचारियों के बीच पैसों को लेकर पहले से विवाद चल रहा था.
2 लाख रुपये के विवाद में रची अपहरण की साजिश?
गांधीनगर पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपित ग्वालियर का रहने वाला है और उसका भोपाल में आईएसबीटी के पास कैफे था. अगवा किए गए लोग इसी कैफे में काम करते थे. आरोप है कि करीब दो लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी को लेकर कर्मचारियों और संचालक के बीच विवाद हुआ था. रुपये नहीं मिलने से नाराज होकर कैफे संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारियों को अगवा करने की योजना बनाई. हालांकि, पूरे मामले की जांच जारी है.
दिल्ली में फोन कर मांगे 10 लाख रुपये
अपहरण के बाद आरोपितों ने बंधक बनाए गए एक युवक के दिल्ली निवासी दोस्त को फोन किया और कथित तौर पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी. युवक के दोस्त ने रात करीब एक बजे डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी.
ये भी पढ़ें: Gwalior Accident: शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 12 की मौत; 39 लोग अस्पताल पहुंचे
पुलिस की दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार के नंबर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई की. पिपलानी चौराहे के पास दबिश देकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और सभी आठ लोगों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया. पुलिस ने मारपीट, अपहरण और बंधक बनाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. फरार मुख्य आरोपित की तलाश जारी है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में और कौन-कौन शामिल था.