Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिवांगी यादव एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं. उन पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने शिवांगी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिकायतकर्ता आशुतोष उर्फ टोनू यादव का आरोप है कि वह पहले ही डेढ़ करोड़ रुपये दे चुका है. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.
शिवांगी यादव पर क्या हैं आरोप?
जसवंतनगर निवासी आशुतोष उर्फ टोनू यादव ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी. उनका आरोप है कि शिवांगी यादव ने उनकी निजी तस्वीरें हासिल कर ली थीं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे. शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस मामले में उनसे कथित तौर पर डेढ़ करोड़ रुपये वसूले गए. इसके बाद भी पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी. टोनू यादव ने अदालत से मामले में कार्रवाई की मांग की. कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी शिवांगी यादव, नीतू सिंह यादव, शिवम यादव, गीतांजलि जादौन, अभिषेक यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी. रिपोर्ट के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद शिवांगी यादव के फरार होने की बात भी सामने आई है.
शिवांगी के घर पर फायरिंग का भी मामला
इस विवाद में एक दूसरा मामला भी सामने आया है. शिवांगी यादव के घर में घुसकर फायरिंग करने के आरोप में फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में आशुतोष यादव समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो लोगों को जेल भेजा है.
ये भी पढ़ें: Gwalior Accident: शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 12 की मौत; 39 लोग अस्पताल पहुंचे
सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप से बढ़ा विवाद
एसएसपी के मुताबिक, शिवांगी यादव और आशुतोष यादव एक-दूसरे पर सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगा रहे हैं और पुलिस में शिकायतें दर्ज करा रहे हैं. दोनों मामलों की जांच अलग-अलग पहलुओं से की जा रही है. फिलहाल पुलिस का ध्यान आरोपों की सच्चाई पता लगाने और संबंधित साक्ष्य जुटाने पर है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: Earthquake: सिंगरौली में भूकंप से तबाही, 10 किलोमीटर नीचे था सेंटर;जानें कितनी रही तीव्रता