Mumbai Local Train Viral Video: मुंबई की लोकल ट्रेनों में अक्सर महिलाओं के लड़ने की खबरें सामने आती हैं. लेकिन इस बार मामला काफी बढ़ गया. इस बार न केवल महिला यात्रियों में बहस हुई, बल्कि बीच-बचाव करने के बावजूद मामला हिंसक हो गया. एक महिला को इतनी बुरी तरह मारा गया कि उसके सिर से खून निकलने लगा. बता दें कि मुंबई के डोंबिवली में लोकल ट्रेन में महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि ठाणे से आसनगांव की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में भीड़ के दौरान “बाजू में सरकने” को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और एक महिला ने दूसरी महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी. यह घटना सुबह लगभग 8-8.30 बजे के आसपास हुई. ये घटना ठाणे और डोंबिवली रेलवे स्टेशन के बीच हुई.
अन्य यात्रियों ने की बीचबचाव की कोशिश
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी महिला गुस्से में आपा खो बैठी और दूसरी महिला पर लगातार हमला करती रही है. वहीं आसपास मौजूद यात्री बीच-बचाव की कोशिश करते नजर आ रही हैं. फिलहाल इस मामले में ठाणे रेलवे पुलिस स्टेशन में आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. लोकल ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और छोटे-छोटे विवाद किस तरह खतरनाक रूप ले लेते हैं, यह घटना उसी का ताजा उदाहरण है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुटी है.
वायरल वीडियो पर कमेंट्स कर रहे लोग
वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग इस पर कमेंट्स कर रहे हैं. उनका कहना है कि महिलाओं के डिब्बे में अक्सर ये होता रहता है. तो वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि इन्हें इतनी भीड़ में भी चैन नहीं है. एक अन्य यूजर ने लिखा कि मुंबई लोकल ट्रेन एंटरटेनमेंट का अड्डा बनता जा रहा है. वहीं एक यूजर ने इसकी तुलना दिल्ली मेट्रो से करते हुए कहा कि दिल्ली मेट्रो की तरह मुंबई लोकल ट्रेन में भी लोगों को पूरा मनोरंजन मिल रहा है.