जिस हंसी पर बनते हैं मीम्स, वही बनी अर्चना पूरन सिंह की पहचान; एक्टिंग, प्यार और विवादों से भरी है कहानी
Archana Puran Singh: टीवी पर अर्चना पूरन सिंह का नाम आते ही सबसे पहले उनकी जोरदार हंसी याद आती है. कॉमेडी शो में किसी कलाकार के पंच पर उनका खुलकर ठहाका लगाना अब इतना मशहूर हो चुका है कि उनकी हंसी खुद एक पहचान बन गई है. सोशल मीडिया पर इसी हंसी के मीम्स भी खूब वायरल होते हैं. हालांकि अर्चना की कहानी सिर्फ हंसने और हंसाने तक सीमित नहीं है. चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने फिल्मों, टीवी सीरियल्स और कॉमेडी शोज में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं.
एक्टिंग से शुरू हुआ था सफर
अर्चना ने अपने करियर में मिस्टर एंड मिसेज, श्रीमान श्रीमती और जुनून जैसे टीवी शोज में काम किया. फिल्मों में भी उन्होंने राजा हिंदुस्तानी और कुछ कुछ होता है जैसी चर्चित फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. हालांकि, समय के साथ उनकी पहचान कॉमेडी शोज के साथ ज्यादा मजबूत होती चली गई. खासकर कपिल शर्मा के शो में जज की भूमिका ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई.
अर्चना के बिना अधूरी है कॉमेडी
उनकी हंसी शो का ऐसा हिस्सा बन गई, जिसके बिना कई दर्शकों को कॉमेडी अधूरी लगती है. हालांकि इस लोकप्रियता की एक कीमत भी रही. अर्चना ने बताया है कि शो की लगातार शूटिंग और व्यस्त डेट्स के चलते उन्हें कई फिल्मों के ऑफर छोड़ने पड़े. यानी जिस कॉमेडी जज वाली पहचान ने उन्हें नई शोहरत दी, उसी ने उनके एक्टिंग करियर के कुछ मौके भी प्रभावित किए.
हंसी पर बनते हैं मीम्स
अर्चना की हंसी को लेकर सोशल मीडिया पर खूब मीम्स बनते हैं. मगर उन्होंने कॉमेडी सर्कस के दौर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया है. उनके मुताबिक, कई बार उनकी हंसी को एडिटिंग के जरिए ऐसे हिस्सों में भी इस्तेमाल किया जाता था, जहां असल में उन्हें कोई खास मजाक नहीं लगा था. उनका कहना रहा है कि जज के तौर पर कलाकारों का उत्साह बढ़ाना भी शो का हिस्सा था. इसलिए कैमरे के सामने मुस्कुराना और हंसना कई बार काम का हिस्सा बन जाता था.
परमीत सेठी के साथ प्यार और शादी
अर्चना की निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा में रही है. उन्होंने अभिनेता परमीत सेठी से शादी की. दोनों की जोड़ी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में शामिल है. दोनों अक्सर अपने रिश्ते को लेकर मजाकिया अंदाज में बातें करते नजर आते हैं. अर्चना और परमीत के दो बेटे हैं। बच्चों की परवरिश को लेकर भी अर्चना का तरीका काफी अलग रहा. वह बच्चों पर अपनी पसंद थोपने के बजाय उन्हें अपने फैसले खुद लेने की आजादी देने की बात करती रही हैं.
विवादों से भी रहा नाता
अर्चना का नाम हाल के वर्षों में कॉमेडियन समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट से जुड़े विवाद के दौरान भी चर्चा में आया. शो में हुए मजाक को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आईं. हालांकि अर्चना ने कहा कि उन्हें इससे बुरा नहीं लगा और उन्होंने इसे रोस्ट कॉमेडी के तौर पर देखा.