गर्मियों में खीरा खाने के हैं अनेको फायदे, लेकिन बरतनी चाहिए ये सावधानियां, भूल कर भी न करें ये गलतियां
Benefits and Side Effects of Cucumber: गर्मियों का मौसम शुरू होते ही लोग खीरे को अपने खाने में शामिल करने लगते हैं. एक्सपर्ट्स भी खीरे खाने की सलाह देते हैं. ये शरीर को ठंडक देने के साथ ही हाइड्रेट भी रखता है. खीरे को अक्सर सलाद या रायते के रूप में खाया जाता है. गर्मियों में ये लगभग हर घर की थाली में दिखने लगता है. हर कोई ज्यादा से ज्यादा खीरा खाने की बात करता है, ताकि शरीर हाइड्रेट रहे. हालांकि ये बात बहुत कम लोग जानते हैं कि खीरा खाने का सही तरीका क्या है, ताकि शरीर को इसके फायदे मिल सकें.
खीरा खाने के फायदे और नुकसान
अगर खीरे को सही तरीके से खाया जाए, तो वो शरीर को हाइड्रेट रखता है और त्वचा को भी स्वस्थ और चमकदार बनाता है. वहीं अगर खीरे को ज्यादा मात्रा में खा लिया जाए, तो वो पेट से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकता है.
त्वचा के लिए कैसे फायदेमंद है खीरा
खीरे के अंदर लगभग 90 से 95 फीसदी तक पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट करने में मदद करता है. शरीर में पानी की कमी न होने से खून का प्रवाह बेहतर रहता है. इसके कारण पोषक तत्व आसानी से त्वचा तक पहुंच सकते हैं. इससे चेहरे पर ताजगी और निखार बनी रहती है.
कोशिकाओं को रिपेयर करने में मददगार
खीरे में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने के साथ ही उन्हें रिपेयर भी करते हैं. हालांकि इसके लिए खीरे को सही तरीके से खाना चाहिए.
खीरा खाने का सही तरीका
खीरा खाने से पहले उसे अच्छी तरह से धो लें, ताकि इसके ऊपर से धूल, केमिकल और बैक्टीरिया खत्म हो जाएं. साथ ही इसका छिलका भी छील लें. हालांकि अगर कीरा ऑर्गेनिक है, तो छिलके समेत खाना फायदेमंद है.
खीरे के छिलके में पोषक तत्व
आपको जानकर हैरानी होगी कि खीरे के छिलके में भी काफी पोषक तत्व पाए जाते हैं. छिलके में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और पेट साफ रखने में मदद करता है.
जूस बनाकर पीना भी फायदेमंद
आप गर्मियों में खीरे का जूस भी पी सकते हैं. इससे शरीर में जमा टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं और शरीर फिट रहता है. इससे आपके चेहरे पर ग्लो आता है और आपका शरीर भी हाइड्रेट रहता है.
कब है नुकसानदायक?
एक्सपर्ट्स खीरा खाने की सलाह देते हैं लेकिन खीरा सीमित मात्रा में खाना चाहिए. ज्यादा खाने से पेट दर्द, गैस, अपच या भारीपन हो सकता है. इसके अलावा पाचन प्रक्रिया धीमी हो सकती है.
इन बातों का रखें खास ख्याल
खीरे को फ्रिज से निकालकर तुरंत न खाएं. ये पेच के लिए हानिकारक होता है. साथ ही बहुत ठंडी चीजें खाने से पाचन तंत्र पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. खीरे को फ्रिज से निकालकर नॉर्मल होने दें. उसके बाद उसे खाएं. ऐसा करने से शरीर उसे आसानी से पचा सकता है.