कभी टीवी की संस्कारी बहू बनीं, फिर बदला अंदाज और करियर, कैंसर से जीती जंग, फिल्मी कहानी से कम नहीं हिना खान की जिंदगी
Hina Khan: टीवी की दुनिया में हिना खान का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है. एक वक्त था जब घर-घर में लोग उन्हें ‘अक्षरा’ के नाम से जानते थे. सिर पर पल्लू, संस्कारी बहू और परिवार को साथ लेकर चलने वाली लड़की के किरदार ने उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई. हालांकि हिना की असली कहानी सिर्फ ‘अक्षरा’ तक सीमित नहीं रही. उन्होंने अपनी छवि बदली, बिग बॉस में विवादों में रहीं, फिल्मों और कान्स तक पहुंचीं और फिर जिंदगी की सबसे मुश्किल जंग कैंसर से लड़ी.
अक्षरा बनकर घर-घर में मिली पहचान
हिना खान ने साल 2009 में 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' से टीवी पर कदम रखा. शो में अक्षरा का किरदार निभाकर वह रातों-रात दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गईं. लगभग आठ साल तक इस शो का हिस्सा रहने के बाद हिना ने एक ही छवि में बंधे रहने के बजाय कुछ नया करने का फैसला किया. इसके बाद उन्होंने खतरों के खिलाड़ी और फिर बिग बॉस 11 में हिस्सा लिया.
बिग बॉस ने दिखाया हिना का दूसरा चेहरा
बिग बॉस के घर में हिना का सामना शिल्पा शिंदे समेत कई चर्चित कंटेस्टेंट्स से हुआ. शो के दौरान हिना और शिल्पा के बीच खूब विवाद हुआ. हिना के कई बयान भी सुर्खियों में रहे और उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा. हालांकि वह शो जीत नहीं पाईं और रनर-अप रहीं लेकिन बिग बॉस ने दर्शकों को उनकी एक अलग पर्सनैलिटी से जरूर रूबरू कराया.
पूरी दुनिया में बनाया नाम
इसके बाद हिना ने कसौटी जिंदगी की 2 में कोमोलिका का किरदार निभाया. उन्होंने फिल्मों में हैक्ड (Hacked) से कदम रखा. सा 2019 में कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर भी नजर आईं. इस तरह अक्षरा वाली हिना अब ग्लैमर और फिल्मों की दुनिया में भी अपनी जगह बना चुकी थीं.
ब्रेस्ट कैंसर से जूझीं हिना
जून 2024 में हिना ने बताया कि उन्हें स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर है. यह खबर उनके फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं थी. कीमोथेरेपी के दौरान भी उन्होंने काम जारी रखा, शूटिंग की और सोशल मीडिया पर अपनी जर्नी साझा की. उन्होंने इलाज के दौरान अपने बाल कटवाने से लेकर अस्पताल और सर्जरी तक की झलक फैंस को दिखाई. फरवरी 2025 में उन्होंने बताया कि उनकी कीमोथेरेपी और सर्जरी पूरी हो चुकी है, हालांकि इलाज अभी जारी था.
हिना खान की शादी
हिना खान की निजी जिंदगी की बात करें तो उनका नाम लंबे समय से अभिनेता रॉकी जायसवाल के साथ जुड़ा रहा है. दोनों की मुलाकात ये रिश्ता क्या कहलाता है के सेट पर हुई थी, जहां रॉकी शो के सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर थे. वक्त के साथ दोनों का रिश्ता दोस्ती से प्यार में बदला और दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक भी किया. हालांकि शादी को लेकर दोनों ने लंबे समय तक कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई. हिना के कैंसर के इलाज के दौरान भी रॉकी उनके साथ मजबूती से खड़े नजर आए. उन्होंने 4 जून 2025 को रॉकी से शादी की.