8th कक्षा में खुला एक्टिंग का रास्ता, 1000 से ज्यादा डांस परफॉर्मेंस, 300 फिल्मों की बनीं स्टार फिर क्यों छोड़ दी बॉलीवुड की चमक?
Madhavi: फिल्मी दुनिया में कई ऐसे एक्टर और एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने कम वक्त में इतनी बड़ी पहचान बनाई, जो किसी कहानी जैसी लगती है. इसके बाद वे अचानक इंडस्ट्री से चले जाते हैं. ऐसी ही कहानी एक्ट्रेस माधवी की है, जिन्हें बचपन से ही डांस करना काफी पसंद था. उन्होंने मंच पर अपनी कला का जलवा दिखाया और देखते ही देखते फिल्मों की दुनिया में पहुंच गईं. दक्षिण भारतीय सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक उन्होंने अपनी खूबसूरती और एक्टिंग का ऐसा जादू चलाया कि एक दौर में वह बड़े सितारों की पसंदीदा एक्ट्रेस की लिस्ट में शामिल हो गई थीं. दिलचस्प बात यह है कि करीब 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और 1000 से ज्यादा डांस परफॉर्मेंस देने के बाद ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया.
बचपन से ही डांस का जुनून
माधवी का असली नाम कनका विजयलक्ष्मी था. हैदराबाद में जन्मीं माधवी ने बेहद कम उम्र में भरतनाट्यम सीखना शुरू कर दिया था. उन्होंने उमा महेश्वरी से शास्त्रीय नृत्य की शिक्षा ली. वहीं लोक नृत्य की ट्रेनिंग मिस्टर भट्ट से ली. धीरे-धीरे उनका हुनर मंच तक पहुंचा और उन्होंने देश-दुनिया में 1000 से ज्यादा डांस पेशकश दीं. नृत्य ने ही उनके लिए फिल्मों का रास्ता भी खोला.
डांस के दौरान मिला फिल्म का ऑफर
कहा जाता है कि जब वे आठवीं कक्षा में पढ़ रही थीं, उसी दौरान वे मंच पर डांस परफॉर्मेंस दे रही थीं और तभी उन्हें फिल्म का ऑफर मिला. किशोरावस्था में उन्हें तेलुगु सिनेमा में काम करने का मौका मिला और यहीं से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई. उनकी प्रतिभा पर जल्द ही बड़े फिल्मकारों की नजर पड़ी. माधवी ने तेलुगु सिनेमा के साथ तमिल, मलयालम, कन्नड़, हिंदी और उड़िया फिल्मों में भी काम किया.
कमल हासन के साथ पसंद की गई जोड़ी
कमल हासन के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके बाद एक दूजे के लिए, चट्टीटा, राज पारवै, टिक टिक टिक जैसी फिल्मों ने हिंदी दर्शकों के बीच भी उनकी पहचान मजबूत की. लगभग 17 साल के लगातार फिल्मी करियर में माधवी ने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उस दौर में इतनी अलग-अलग भाषाओं में इतनी बड़ी संख्या में फिल्मों का हिस्सा बनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी.
फैंस को लगा झटका
माधवी का करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था. पर्दे पर उनकी खूबसूरती, डांस और अभिनय की खूब चर्चा होती थी. वह दक्षिण भारतीय फिल्मों की लोकप्रिय एक्ट्रेस बन चुकी थीं और हिंदी फिल्मों में भी अपनी जगह बना चुकी थीं. इसी दौरान 1990 के दशक में माधवी ने फिल्मों से दूरी बनानी शुरू कर दी और आखिरकार ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया. इसके बाद उन्होंने अपनी जिंदगी को परिवार और निजी जीवन के लिए समर्पित कर दिया.
माधवी का परिवार
फिल्मों की चकाचौंध से दूर उनकी जिंदगी बिल्कुल अलग दिशा में आगे बढ़ी. उन्होंने फिल्मों से दूर अमेरिका के न्यू जर्सी में अपनी दुनिया बनाई. उन्होंने 1996 में बिजनेसमैन राल्फ शर्मा से शादी कर ली. उनकी तीन बेटियां हैं, जिनके नाम टिफ़नी, प्रिसिला और एवलिन हैं.