ऋषि कपूर की हीरोइन से अमेरिका की कारोबारी जिंदगी तक, अचानक फिल्मी दुनिया से कहां गायब हो गई थीं रंजीता कौर
Ranjeeta Kaur: 70 और 80 के दशक की एक्ट्रेस रंजीता कौर अपनी खूबसूरती के साथ-साथ संजीदा अदाकारी के कारण भी जानी जाती थीं. 1976 में लैला मजनू से ऋषि कपूर के साथ बतौर हीरोइन शुरुआत करने वाली रंजीता ने अंखियों के झरोखों से, तराना, आप तो ऐसे न थे, सत्ते पे सत्ता और पति पत्नी और वो जैसी फिल्मों में काम किया. हालांकि जिस तरीके से उनका फिल्मी करियर ऊपर गया, वैसे ही खामोशी से वह ग्लैमर की दुनिया से दूर भी हो गईं. बाद में वे अपने परिवार के साथ अमेरिका में शिफ्ट हो गईं और उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए.
FTII में लिया दाखिला
रंजीता का फिल्मों में आने का सफर किसी फिल्मी परिवार से नहीं शुरू हुआ था. फिल्म इतिहासकार ध्रुव सोमानी को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि वह शिमला में पढ़ाई कर रही थीं और तभी से वे एक्ट्रेस बनने का सपना देखती थीं. उन्होंने बिना किसी थिएटर अनुभव या फिल्मी गॉडफादर के FTII में दाखिले का फॉर्म भर दिया.
खुशी से हो गईं बेहोश
दिल्ली में उन्होंने ऑडिशन दिया और उनका FTII में चयन हो गया. इस बात से वे इतनी खुश हो गईं कि वे बेहोश तक हो गईं. FTII में उनके बैच में मिथुन चक्रवर्ती, नीता मेहता, टॉम ऑल्टर और बेंजामिन गिलानी जैसे एक्टर्स शामिल थे. उन्होंने 1974 में संस्थान से पढ़ाई पूरी की.
पहली ही फिल्म में बनीं ऋषि कपूर की हीरोइन
रंजीता को करियर की शुरुआत में ही बड़ा मौका मिल गया. 1976 में आई लैला मजनू में उन्हें ऋषि कपूर के साथ काम करने का मौका मिला. दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के लिए चयन के वक्त वह खुद भी काफी नर्वस थीं. उन्हें डर था कि वे एक बड़े बैनर की फिल्म और ऋषि कपूर जैसे लोकप्रिय अभिनेता के साथ काम करने जा रही थीं. फिल्म हिट रही और रंजीता रातोंरात पसंदीदा बन गईं. फिल्म के गाने भी बेहद लोकप्रिय हुए. इसी फिल्म ने उन्हें 'रॉबी' नाम से पहचान दिलाने वाली उस यात्रा की शुरुआत की, जिसे उन्होंने बाद में कई साल तक कायम रखा.
मिथुन के साथ हिट रही जोड़ी
रंजीता के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में 1978 की अंखियों के झरोखों से शामिल है. फिल्म में उन्होंने सचिन के साथ काम किया. रंजीता ने मिथुन चक्रवर्ती के साथ कई फिल्मों में काम किया. उन्होंने उनके साथ तराना, सुरक्षा, आदत से मजबूर, बाजी और घर एक मंदिर जैसी फिल्मों में दोनों की जोड़ी नजर आई. उनकी ऑन-स्क्रीन जोड़ी उस दौर में काफी लोकप्रिय हुई.
शादी के बाद बदल गई जिंदगी
रंजीता ने 1990 में राज मसंद से शादी की. बाद में वह परिवार के साथ अमेरिका चली गईं। उनका एक बेटा है. Filmfare की एक प्रोफाइल के मुताबिक, परिवार अमेरिका के वर्जीनिया इलाके में 7-Eleven स्टोर्स के कारोबार से जुड़ा रहा. बाद में रंजीता भी इस पारिवारिक व्यवसाय का हिस्सा बन गईं. फिल्मों से दूर रहने के दौरान उन्होंने पुणे के एक इंटरनेशनल स्कूल में भी काम किया था.
15 साल बाद फिर फिल्मों में की वापसी
रंजीता ने लंबे अंतराल के बाद 2005 की अनजाने: द अननॉन फिल्म से वापसी की. इसके बाद उन्होंने 2011 में जाना-पहचाना और फिर मिथुन चक्रवर्ती के साथ जिंदगी तेरे नाम में काम किया. हालांकि जैसी उन्हें वापसी की उम्मीद थी, वैसी वापसी नहीं हो सकी.
ऋषि कपूर से दोस्ती
ऋषि कपूर के साथ रंजीता का रिश्ता सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं रहा. 2020 में रंजीता ने बताया था कि ऋषि कपूर बीमारी के इलाज के लिए अमेरिका में थे, तब उन्होंने उन्हें मैसेज किया था. ऋषि कपूर के निधन पर रंजीता ने इसे बेहद दुखद बताया था.