पहाड़, नदियां और किलों का संगम है सहारनपुर, वीकेंड या गर्मियों की छुट्टियों को बनाएं यादगार
Saharanpur Visiting Places: अगर आप सहारनपुर या उसके आसपास रहते हैं और इस वीकेंड या फिर गर्मियों की छुट्टियों में घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो आज हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं. यहां आप शिवालिक की पहाड़ियों की गोद में अपना समय बिता सकते हैं. इसके अलावा सहारनपुर के आसपास पहाड़ों जैसी ठंडक, नदियों जैसा सुकून और ऐतिहासिक खंडहरों को देख सकेंगे. इसके अलावा आप हथिनि कुंड बैराज के सुहावने नजारों का आनंद भी ले सकते हैं. तो चलिए बताते हैं सहारनपुर की खूबसूरत जगहों के बारे में…
राजाजी नेशनल पार्क
आप सहारनपुर के पास स्थित राजाजी नेशनल पार्क जा सकते हैं. ये पार्क मोहांड रेंज शिवालिक की पहाड़ियों में फैला वन्यजीव अभयारण्य है. यहां पर आप हाथी, शेर, चीते और तरह-तरह के जानवर देख सकते हैं. यहां पर आप जंगल सफारी का आनंद भी ले सकते हैं.
शाकंभरी माता मंदिर
सहारनपुर में शाकंभरी माता का मंदिर है, जो एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ है. ये देवी सती के 51 शक्तिपीठ में से एक है. शिवालिक पहाड़ियों के बीच जसमोर गांव में है. यहां पर भूरा-देव मंदिर भी है, जो अपनी आध्यात्मिक महत्ता और प्राचीनतम के साथ ही प्रकृति के करीब होने के लिए जाना जाता है.
शाकंभरी इलाका
शाकंभरी इलाका घूमने के लिए भी काफी बेस्ट है. यहां शिवालिक की पहाड़ियों के बीच खूबसूरत नजारा है. यहां पहाड़ियों की खूबसूरती, नदियां, झरने और पेड़ों की हरियाली लोगों को काफी पसंद आती है.
मिनी गोवा
शिवालिक की हसीन वादियों के साथ वहां यमुना नदी भी है, जहां लोग शांत समय बिताने जाते हैं. यमुना की जलधारा के बीच बसा बादशाही बाग इलाका पर्यटकों के लिए काफी मशहूर है. यहां लोग सुकून के पल बिताने जाते हैं. लोगों का कहना है कि वहां गोवा बीच की याद आती है.
बादशाही बाग
सहारनपुर के फैजाबाद में बादशाही बाग है, जिसके लिए कहा जाता है कि मुगल सम्राट शाहजहां के लिए अली मर्दान खान ने ये शाही शिकारगाह बनवाया था. पहाड़ियों की तलहटी में बनी इस इमारत को शाही विश्राम स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जाता था.
हथिनी कुंड बैराज
हथिनी कुंड बैराज हरियाणा के यमुनानगर में और यूपी के सहारनपुर में फैला हुआ है. ये कंक्रीट से बना बैराज घूमने के लिए बहुत ऑप्शन है. गर्मियों के मौसम में लोग यहां पिकनिक बनाने के लिए आसपास के इलाकों से आते हैं.
कंपनी बाग
आप सहारनपुर में कंपनी बाग घूमने के लिए जा सकते हैं. ये कंपनी बाग ब्रिटिश काल में बनाया गया था. ये बाग अपनी हरियाली के लिए काफी मशहूर है.