Live TV
Search
  • Home>
  • Photos»
  • काजोल-रानी नहीं, इस हसीना पर मेहरबान रही शाहरुख की किस्मत, साथ में दीं ये 5 ब्लॉकबस्टर फिल्में

काजोल-रानी नहीं, इस हसीना पर मेहरबान रही शाहरुख की किस्मत, साथ में दीं ये 5 ब्लॉकबस्टर फिल्में

Shah Rukh Khan: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान को काजोल और रानी मुखर्जी के साथ काफी पसंद किया गया. वहीं शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी भी लोगों को काफी पसंद आई. हैरानी की बात ये है कि दोनों ने साथ में 5 सुपरहिट फिल्में दीं. साल 2007 में फिल्म ओम शांति ओम से शुरू हुआ उनका सफर आज भी दर्शकों को रोमांचित करता है. दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम कर अपनी शानदार केमिस्ट्री से बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल दिखाया है. अब फिल्म किंग को लेकर फैंस उत्साहित हैं. आइए, नजर डालते हैं उनके उन छह यादगार फिल्मों पर, जिन्होंने इस जोड़ी को खास बनाया.

Last Updated: November 5, 2026 | 4:31 PM IST
Om Shanti Om - Photo Gallery
1/6

ओम शांति ओम

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ऑनस्क्रीन जोड़ी की पहली झलक 9 नवंबर 2007 को रिलीज हुई फिल्म 'ओम शांति ओम' में देखने को मिली थी. पुनर्जन्म, प्यार और बदले की कहानी पर आधारित इस फिल्म में शाहरुख ने जूनियर आर्टिस्ट ओम प्रकाश मखीजा और बाद में सुपरस्टार ओम कपूर का किरदार निभाया था. वहीं दीपिका शांतिप्रिया और संध्या के दोहरे किरदार में नजर आई थीं. फिल्म में अर्जुन रामपाल, श्रेयस तलपड़े और किरण खेर जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं. फराह खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले फराह खान ने मुश्ताक शेख के साथ मिलकर तैयार किया था. वहीं संवाद मयूर पुरी ने लिखे थे. लगभग 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 150 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. दीपिका के बॉलीवुड डेब्यू के साथ यह फिल्म उनके और शाहरुख के सफल सिनेमाई रिश्ते की शुरुआत भी बन गई.

Chennai Express - Photo Gallery
2/6

चेन्नई एक्सप्रेस

'ओम शांति ओम' के बाद शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी 2013 में फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' के जरिए बड़े पर्दे पर लौटी. 8 अगस्त 2013 को रिलीज हुई इस रोमांटिक एक्शन-कॉमेडी में शाहरुख राहुल मिथाईवाला और दीपिका मीनालोचनी यानी मीनम्मा के किरदार में नजर आई थीं. कहानी एक ऐसे शख्स की है, जो अपने दादा की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए रामेश्वरम की यात्रा पर निकलता है लेकिन इस सफर में उसकी मुलाकात मीनम्मा से हो जाती है. रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में निकितिन धीर, सत्यराज और कामिनी कौशल जैसे कलाकार भी शामिल थे. फिल्म की कहानी के. सुभाष ने लिखी थी. वहीं स्क्रीनप्ले यूनुस सजावल और संवाद फरहाद-साजिद की जोड़ी ने तैयार किए थे. करीब 115 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'चेन्नई एक्सप्रेस' ने दुनियाभर में लगभग 396 करोड़ रुपये की कमाई की थी. बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही इस फिल्म ने साबित कर दिया कि शाहरुख और दीपिका की जोड़ी रोमांस के साथ कॉमेडी में भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर सकती है.

Happy New Year - Photo Gallery
3/6

हैप्पी न्यू ईयर

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण एक बार फिर फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' में साथ नजर आए. 24 अक्टूबर 2014 को रिलीज हुई इस मल्टीस्टारर फिल्म में शाहरुख ने चार्ली और दीपिका ने मोहिनी का किरदार निभाया था. फिल्म की कहानी बदले और हीरे की चोरी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें चार्ली अपने साथियों के साथ दुबई में आयोजित एक डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर एक बड़ी चोरी को अंजाम देने की योजना बनाता है. फराह खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, सोनू सूद, बोमन ईरानी, विवान शाह और जैकी श्रॉफ भी अहम भूमिकाओं में थे. लगभग 150 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 343 से 397 करोड़ रुपये तक का कारोबार किया. इसके गाने और शाहरुख-दीपिका की केमिस्ट्री दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई.

Pathan - Photo Gallery
4/6

पठान

करीब नौ साल के लंबे अंतराल के बाद शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण ने 2023 में फिल्म 'पठान' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की. 25 जनवरी 2023 को रिलीज हुई इस स्पाई एक्शन थ्रिलर में शाहरुख ने भारतीय खुफिया एजेंट पठान और दीपिका ने रुबीना मोहसिन का किरदार निभाया था. फिल्म में दोनों आतंकवादी संगठन के खतरनाक मंसूबों को नाकाम करने के मिशन पर नजर आए. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जॉन अब्राहम, डिंपल कपाड़िया और आशुतोष राणा भी अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले सिद्धार्थ आनंद तथा श्रीधर राघवन से जुड़े थे. वहीं अब्बास टायरवाला ने संवाद लिखे थे. करीब 250 से 315 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'पठान' ने दुनियाभर में लगभग 1,050 करोड़ रुपये का कारोबार किया. यह फिल्म शाहरुख खान के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हुई और दीपिका के साथ उनकी जोड़ी को एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली.

Jawan - Photo Gallery
5/6

जवान

साल 2023 में ही शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी फिल्म 'जवान' में भी नजर आई. 7 सितंबर 2023 को रिलीज हुई इस एक्शन थ्रिलर में शाहरुख ने दोहरी भूमिका निभाई थी. वहीं दीपिका ने ऐश्वर्या राठौड़ का किरदार निभाया, जो फिल्म में विक्रम राठौड़ के अतीत और उसकी कहानी का अहम हिस्सा है. भले ही दीपिका का रोल एक्सटेंडेड स्पेशल अपीयरेंस था लेकिन उनकी अदाकारी ने दर्शकों को भावुक कर दिया. एटली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति, सान्या मल्होत्रा, प्रियामणि और रिद्धि डोगरा जैसे कलाकार भी नजर आए थे. फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले एटली तथा एस. रमनागिरिवासन ने तैयार किया था. करीब 300 से 385 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'जवान' ने दुनियाभर में लगभग 1,050 से 1,150 करोड़ रुपये तक की कमाई की.

King - Photo Gallery
6/6

किंग

अब शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी फिल्म 'किंग' के जरिए एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस एक्शन थ्रिलर में शाहरुख और दीपिका की जोड़ी को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है. फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसका निर्माण गौरी खान तथा ममता आनंद कर रही हैं. फिल्म में शाहरुख खान मुख्य भूमिका में हैं और दीपिका पादुकोण भी उनके साथ नजर आएंगी. फिल्म का गाना 'तू मिल जाए' 2 नवंबर 2026 को रिलीज किया गया, जिसमें दोनों की केमिस्ट्री देखने को मिली. फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म बड़े पर्दे पर धमाल मचाने वाली है.

More News