न्यूज रीडर से नेशनल अवॉर्ड विनर तक, राज बब्बर से प्यार और 31 साल में मौत… ऐसी थी स्मिता पाटिल की जिंदगी
Smita Patil: हिंदी सिनेमा में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो कम समय में ही अपनी अलग पहचान बना लेते हैं. स्मिता पाटिल भी उन्हीं में से एक थीं। उनकी जिंदगी में शोहरत थी, शानदार फिल्में थीं और अभिनय के लिए सम्मान भी लेकिन निजी जिंदगी में उन्हें कई सवालों और विवादों का सामना करना पड़ा. राज बब्बर के साथ उनका रिश्ता खूब चर्चा में रहा. वहीं, महज 31 साल की उम्र में दुनिया छोड़ देने से उनकी कहानी अधूरी रह गई.
न्यूज रीडर से फिल्मों तक कैसे पहुंचीं स्मिता?
स्मिता पाटिल का जन्म 17 अक्टूबर 1955 को पुणे में हुआ था. फिल्मों में आने से पहले वह मुंबई के दूरदर्शन केंद्र में न्यूज रीडर के तौर पर काम करती थीं. उनकी शख्सियत और प्रतिभा ने फिल्मकार श्याम बेनेगल का ध्यान खींचा. इसके बाद उनके लिए फिल्मों के दरवाजे खुलने लगे.
मिले दो नेशनल अवॉर्ड
स्मिता की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वह अपने किरदारों में पूरी तरह उतर जाती थीं. उनकी फिल्मों में महिलाओं का संघर्ष, समाज की बंदिशें और जिंदगी की कड़वी सच्चाइयां नजर आती थीं. भूमिका, मंथन, अर्थ, अर्धसत्य और मिर्च मसाला जैसी फिल्मों में उन्होंने शानदार अभिनय किया. भूमिका और चक्र के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला. गंभीर फिल्मों के साथ उन्होंने नमक हलाल और शक्ति जैसी फिल्मों में भी काम किया.
फोटोग्राफी की भी शौकीन रहीं एक्ट्रेस
स्मिता पाटिल की जिंदगी से जुड़ी एक दिलचस्प बात यह है कि वह सिर्फ बेहतरीन एक्ट्रेस ही नहीं बल्कि फोटोग्राफी की भी शौकीन थीं. उन्हें कैमरे के सामने अभिनय करना पसंद था लेकिन कैमरे के पीछे रहकर तस्वीरें लेना भी उनकी रुचि का हिस्सा था. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फोटो जर्नलिस्ट बनने का सपना भी देखती थीं.
राज बब्बर से प्यार और रिश्ते पर विवाद
स्मिता पाटिल की निजी जिंदगी का सबसे चर्चित अध्याय अभिनेता राज बब्बर के साथ उनका रिश्ता रहा. दोनों की नजदीकियों की शुरुआत फिल्म भीगी पलकें के दौरान हुई बताई जाती है. उस समय राज बब्बर पहले से शादीशुदा थे और उनकी पत्नी नादिरा बब्बर थीं. ऐसे में स्मिता और राज के रिश्ते को लेकर काफी चर्चा हुई.
मां बनने के बाद हुई मौत
स्मिता ने 1986 में बेटे प्रतीक बब्बर को जन्म दिया लेकिन प्रसव के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण 13 दिसंबर 1986 को उनका निधन हो गया. उस वक्त उनकी उम्र महज 31 साल थी. उनकी अचानक मौत ने फिल्म जगत को गहरे सदमे में डाल दिया.