8 ओपनर्स, 1 सपना… IPL 2026 में इन बल्लेबाजों ने मचाया कहर, किसे मिलेगी टीम इंडिया में जगह?
Team India Opening Spot Contenders: इन दिनों दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानी आईपीएल खेला जा रहा है. इस लीग में अभी तक आधे से ज्यादा मैच खेले जा चुके हैं. इस दौरान कई भारतीय ओपनर्स ने अपने बल्ले से तबाही मचाई है. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से लेकर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे कई ओपनर्स शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में टीम इंडिया के सेलेक्टर्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं. आईपीएल खत्म होने के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगी. फिलहाल भारत के पास टी20 इंटरनेशनल में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ओपनर्स के तौर पर हैं. हालांकि इन दोनों ओपनर्स को अन्य 6 भारतीय बल्लेबाजों से कड़ी टक्कर मिल रही है. देखें लिस्ट…
प्रियांश आर्य
पंजाब किंग्स के युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य पिछले कुछ सालों से आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रियांश आर्य ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट के दिग्गजों को खूब प्रभावित किया है. प्रियांश आर्य अभी तक आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की ओर से 6 पारियों में 249 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट करीब 250 का रहा है, जो टी20 क्रिकेट में बिल्कुल फिट बैठता है. ऐसे में सेलेक्टर्स प्रियांश आर्य को टी20 टीम में चुन सकते हैं.
प्रभसिमरन सिंह
पंजाब किंग्स के 25 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह भी आईपीएल में शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं. प्रभसिमरन सिंह अभी तक आईपीएल 2026 में 6 पारियों में 192 के स्ट्राइक रेट से 287 रन बना चुके हैं. आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते प्रभसिमरन सिंह सेलेक्टर्स की पहली पसंद हो सकते हैं.
वैभव सूर्यवंशी
टीम इंडिया में जगह बनाने की रेस में 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे आगे हैं. राजस्थान रॉयल्स के इस बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है. वैभव ने इस सीजन अभी तक 8 पारियों में 234.86 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बना चुके हैं.
यशस्वी जायसवाल
राजस्थान रॉयल्स के युवा विस्फोटक ओपनर यशस्वी जायसवाल भी भारत की टी20 टीम के लिए अच्छी पसंद माने जा रहे हैं. वह पहले भी इस फॉर्मेट में खेल चुके हैं और शानदार प्रदर्शन भी किया है, लेकिन इसके बावजूद यशस्वी जायसवाल टी20 वर्ल्ड कप में जगह नहीं बना पाए है. अब यशस्वी जायसवाल आईपीएल में अपने बल्ले से कमाल कर रहे हैं. आईपीएल 2026 में यशस्वी जायसवाल के बल्ले से 8 पारियों में 153.61 के स्ट्राइक रेट से 255 रन आ चुके हैं.
शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था. अब शुभमन गिल एक बार फिर टी20 क्रिकेट में अपनी काबिलियत साबित करने के लिए आईपीएल में उतरे हैं. गिल ने अभी तक आईपीएल 2026 में 7 पारियों में 148.64 के स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए हैं. शुभमन गिल वनडे और टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के कप्तान भी हैं.
अभिषेक शर्मा
सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अभी टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम के परमानेंट ओपनर हैं. आईपीएल 2026 में अभिषेक शर्मा अभी ऑरेंज कैप होल्डर भी हैं. वह अभी तक 8 पारियों में 212.29 के स्ट्राइक रेट से 380 रन बना चुके हैं.
संजू सैमसन
चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की जीत के हीरो रहे थे. संजू सैमसन की वजह से भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. संजू सैमसन आईपीएल 2026 में 8 पारियों में 169.83 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बना चुके हैं, जिसमें 2 शतक भी शामिल हैं. संजू सैमसन विकेटकीपिंग भी करते हैं, जो उनका प्लस प्वाइंट है.
साईं सुदर्शन
गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन भी टीम इंडिया में ओपनिंग स्पॉट के बड़े दावेदार हैं. साईं सुदर्शन पिछले कई सालों से आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. पिछले सीजन साईं सुदर्शन ने ऑरेंज कैप जीता था. अब आईपीएल 2026 में भी साईं सुदर्शन धमाल मचा रहे हैं. आईपीएल 2026 में साईं सुदर्शन ने 8 पारियों में 164.28 के स्ट्राइक रेट से 322 रन बनाए हैं.